
सरायकेला(आदित्यपुर)।


पुलिस अधीक्षक के निदेश पर गठित टीम द्वारा चालियामा, राजनगर में रूंगटा फैक्ट्री मोड़ के पास व्यवसायी के अपहरण की योजना बना रहे तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में रामदास प्रमाणिक (चौके, राजनगर निवासी), मिथुन नायक (चालियामा) एवं नारायण महतो (लक्खीपुर) का नाम शामिल है. पुलिस द्वारा रामदास प्रमाणिक के पास से छह राऊंड का लोडेड देशी रिवाल्वर व काला रंग का मोबाईल फोन, मिथुन नायक के पास से एक लोडेड देशी कट्टा तथा नारायण महतो .315 बोर का दो जिन्दा कारतूस बरामद किया गया है.
इस संबंध में आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक चन्दन कुमार सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों का अपराधिक इतिहास रहा है तथा उनके विरुद्ध सरायकेला, राजनगर तथा बिरसानगर थाना में पूर्व में कांड भी अंकित है. पुलिस अधीक्षक के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने लूट-पाट एवं अपहरण के इरादे से वहां एकत्रित होने की योजना बनाई थी. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधियों ने कुख्यात अपराधी सागर लोहार के कहने पर अपहरण की योजना बनाने की बात स्वीकार की है. टीम में हेडक्वार्टर डीएसपी दीपक कुमार, राजनगर थाना प्रभारी विजय प्रकाश, सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार वर्मा एवं सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार सिंह शामिल थे.

