
रांची। सरकार प्याज़ की क़ीमतों में बढ़ोतरी की प्रवृत्ति रोकने के लिये हस्तक्षेप करेगी. खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने विभागीय सचिव और निदेशक को निर्देश दिया है कि वे जिला उपायुक्तों और जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को प्याज के थोक एवं खुदरा मूल्य में अंतर वाजिब करने के लिए आढ़तियों से बात करें और यदि कोई मूल्य में कृत्रिम बढ़ोतरी की साजिश कर रहा है और अस्थायी जमाख़ोरी कर रहा है तो उसके खिलाफ़ कारवाई करें.
मंत्री सरयू राय ने आज इस संबंध में झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष विनय अग्रवाल से प्याज की क़ीमतों को बढ़ने से रोकने में सहयोग करने का आग्रह किया. श्री अग्रवाल ने बताया कि रांची केे थोक बाज़ार में 22-23 रु प्रति किलो की दर पर पर्याप्त प्याज उपलब्ध है. उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में बारिश और मध्य प्रदेश में सरकार द्वारा किसानों से भारी मात्रा में प्याज़ खरीद लेने और रखरखाव की कमी के कारण प्याज बर्बाद हो जाने के कारण मूल्य में बढ़त हुई है.

मंत्री श्री राय ने कहा है कि थोक में 22-23 रु किलो और खुदरा में 35-40 रु किलो के दाम में भारी अंतर है. प्याज़ का खुदरा दाम नहीं घटेगा तो सरकार थोक में खरीद कर अपने खुदरा केन्द्रों से प्याज बेचेेगी. इसके लिये कई संस्थाओं ने खुदरा प्याज बिक्री केन्द्र खोलकर सरकार को सहयोग देने का वचन दिया है.

