
रांची।20जुलाई
राज्य में टमाटर सहित अन्य सब्जियों के दामों में अप्रत्याशित वृद्धि के मद्देनजर खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने विभागीय सचिव विनय कुमार चौबे को चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के साथ तत्काल एक बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया है ताकि कीमतों में वृद्धि के कारण तथा नियंत्रित करने की कार्यवाही की जा सके. श्री राय आज बोकारो में थे.
सब्जियों की कीमतों में वृद्धि के मामले पर विगत 17 जुलाई को अपने कार्यालय कक्ष में हुई बातचीत का संदर्भ देते हुए मंत्री ने सचिव को लिखे पत्र में कहा है कि रोजाना उपयोग की वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने का दायित्व खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग का है. इस बारे में विभागीय अधिकारियों को तत्परता बरतनी चाहिए. इससे उपभोक्ताओं के बीच राज्य की व्यवस्था के प्रति भरोसा पैदा होता है.
मंत्री ने सचिव को झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के साथ बैठक आयोजित करने तथा विभाग के किसी अधिकारी को कीमतों के उतार-चढ़ाव का निरंतर अनुश्रवण करने का दायित्व देने का निर्देश भी सचिव को दिया है. उल्लेखनीय है कि विगत 17 जुलाई को झारखंड राज्य खाद्य निगम की समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने सचिव को टमाटर सहित कुछ अन्य सब्ज़ियों की कीमत में अप्रत्याशित वृद्धि को लेकर चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ बैठक करने का निर्देश दिया था.

