
राँची। चारा घोटाला मामले में फंसे लालू प्रसाद गुरुवार को एक बार फिर सीबीआई कोर्ट में हाजिरी लगाने रांची सिविल कोर्ट पहुंचे.चार मामलों में आज सुनवाई हुई.
गवाह नदारद
डोरंडा, चाईबासा, दुमका और देवघर कोषागार मामले में हुई. सुनवाई के दौरान हालांकि लालू प्रसाद की ओर से कोई गवाह उपस्थित नहीं हो सका. लालू प्रसाद यादव के अधिवक्ता प्रभात कुमार ने बताया कि सुनवाई के दौरान लालू प्रसाद ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए कोर्ट को सूचित किया कि अगली सुनवाई की तारीख में पूर्व डीजी बिहार डीपी ओझा, और सांसद जय प्रकाश नारायण यादव की गवाह होगी. वहीं 31 अगस्त को आर्मी के पूर्व अधिकारी ब्रिग्रेडियर नौडियाल की गवाही होगी. मामले की सुनवाई कल भी जारी रहेगी जिस दौरान लालू प्रसाद कल कोर्ट में उपस्थित हो सकते हैं.


यह है मामला
आरसी-64 ए/96 देवघर कोषागार से 89 लाख रुपए की अवैध निकासी का मामला है. इसमें राजद सुप्रीमों लालू प्रसाद और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा समेत 28 लोग आरोपी हैं. आरसी-68 ए/96 चाईबासा कोषागार से 37 करोड़ रुपये का अवैध निकासी का मामला है, वहीं आरसी-47 ए/96 डोरंडा कोषागार से 139.35 और आरसी-38 ए/96 दुमका कोषागार से 3.13 करोड़ की अवैध निकासी का मामला है.

