
किशोर कुमार -मधुबनी
मधुबनी / बाबूबरही के भूपट्टी गांव के वार्ड 4 में मंगलवार को गैस सिलेंडर से घर में लगी आग से एक ही परिवार के चार लोग झुलस गए। इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। सभी को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया। स्थिति गंभीर देख उन्हें पहले मधुबनी सदर अस्पताल, फिर डीएमसीएच रेफर किया गया। हादसा मिश्री चौधरी के घर में हुआ। परिजनों के अनुसार, हादसे में पंची देवी (62), मिश्री चौधरी (64), पूजा (9) और सूर्यदेव (4) जख्मी हुए। दोनों बच्चे मिश्री के पोता-पोती हैं। घर में पहले से गैस का कनेक्शन था। बच्चे के लिए नाश्ता बनाने के दौरान हादसा हुआ। घर की बुजुर्ग महिला पंची देवी खाना बनाने गई। माचिस की तिल्ली जलाते ही पूरा घर आग और धुआं से भर गया। सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण आग लगी। पंची के चिल्लाने पर और आग फैलते देख मिश्री और दोनों बच्चे भी उसकी ओर दौड़े। इसी क्रम में सभी आग की चपेट में आ गए। इधर, परिजनों ने हादसे की सूचना थाने को दी। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह में घर के बाकी लोग खेती के लिए बघार गये हुए थे। घर पर बूढ़ी मां थी। खुद चूल्हा जलाकर खाना बनाने गई। इसी बीच हादसा हो गया। माचिस लगाते ही गैस रिसाव के कारण पहले पंची देवी आग की चपेट में आई। भूपट्टी पंचायत के मुखिया लक्ष्मी पासवान ने घटना की पुष्टि की है। इधर, बाबूबरही के थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से मामले में अभी तक आवेदन नहीं मिला है।


