जमशेदपुर।
रेड क्रॉस के कार्य पीड़ित मानवता के लिए हैं ओर इन कार्यों की तुलना नहीं की जा सकती। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम आज अपनी एक विशेष पहचान रखता है चाहे वह रक्तदान की बात हो या नेत्र ज्योति की या फिर जरूरत के समय किसी को सहायता पहुंचाने की। उक्त विचार एसडीओ सह उपाध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम प्रभात कुमार ने यहां रेड क्रॉस भवन, साकची में रक्तदान शिविर का उद्घाटन करते हुए व्यक्त किया। भारत रत्न जेआरडी टाटा के स्मृति में जेमीपोल तथा जेमीपोल लेडिस एसोसियेशन अस्मिता के सहयोग से आयोजित हुए रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कम्पनी के मुख्य वित्त पदाधिकारी मिथिलेश कुमार झा ने कहा कि रक्तदान की महत्ता रक्तदाता जानते हैं और किसी को जीवन देने से बढ़कर कोई दूसरा कार्य नहीं, ये रक्तदान के माध्यम से सम्भव है, इसलिए हर समर्थ व्यक्ति के रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए ताकि जरूरत पर सभी को रक्त प्राप्त हो सके। रक्तदान शिविर के अवसर जेमीपोल के पदाधिकारी श्री कन्हैया केजरीवाल, श्री कुलविन्दर सिंह, रेड क्रॉस के श्री टीबी दत्ता, डी के घोष, दीपक मित्रा, सुधा मित्रा मुख्य रूप से उपस्थित थी। आज यहां रेड क्रॉस भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में 119 यूनिट रक्तदान सम्पन्न हुआ।
