
● पँचमी को खुलेगा माई दरबार, सीएम करेंगे उद्घाटन
● 25 लाख की लागत से बने पंडाल को अंतिम रूप देने में जुटे हैं कारीगर


जमशेदपुर। बागबेड़ा के रोड नंबर चार स्थित श्रीश्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल नवरात्रि के पँचमी तिथि को विधिवत उद्घाटित होगी। सम्भवतः सूबे के मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास समेत स्थानीय विधायक श्रीमती मेनका सरदार, उपायुक्त श्री अमित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार समेत अन्य गणमान्य पूजा पंडाल का उद्घाटन करेंगे। सन 1962 से प्रारंभ हुई बागबेड़ा की पूजा पंडाल अपनी भव्यता और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए शहर के चर्चित पूजा पंडालों में लगातार पिछले कई वर्षों से शुमार रही है। श्रद्धालुओं के अपेक्षाओं और श्रद्धा को मध्य में रखते हुए बागबेड़ा रोड नंबर चार की दुर्गा पूजा कमिटी द्वारा भव्य पंडाल का निर्माण कराया का रहा है।
● 25 लाख की लागत से तैयार हो रहा थाईलैंड का बौद्ध मंदिर, विश्वशांति और स्वच्छता का देगी संदेश
दुर्गा पूजा कमिटी, बागबेड़ा रोड नंबर-04 द्वारा इसवर्ष 25 लाख रुपये की लागत से थाईलैंड के प्रसिद्ध बौद्ध मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। दो महीनें पूर्व से ही कोलकाता से लगभग सौ कारीगरों के समूह द्वारा दिन-रात पंडाल निर्माण कार्य की जा रही है। उक्त पंडाल के मध्य भगवान बुद्ध की विशाल प्रतिमा स्थापित होगी जो आकर्षण का केंद्र होने के साथ विश्वशांति का संदेश देगी। स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को दृष्टिगत रखते हुए पंडाल की विशेष बात यह होगी कि इसमें प्लास्टिक एवं पॉलीथिन बैग्स का किसी भी तरह से प्रयोग नहीं किया गया है।
● स्थानीय युवाओं द्वारा तैयार रीसाइक्लिंग और कबाड़ों से बनें डिस्प्ले-मटीरियल देंगे स्वच्छता का संदेश
पूजा के आयोजन में पंडाल के इर्द-गिर्द स्वच्छता पर विशेष फ़ोकस रहेगी। पूजा कमिटी इस आशय में तत्परता से जुटी है। पूजा पंडाल और आसपास स्थानीय युवाओं के हुनर और कौशल को भी प्रदर्शित कर मंच प्रदान करने का प्रयास किया गया है। इस क्रम में स्थानीय युवा कलाकारों द्वारा कबाड़ों एवं रीसाइक्लिंग योग्य उत्पादों से तैयार आकर्षक डिस्प्ले आइटम प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके माध्यम से लोगों से अपील की जाएगी कि वे अपनी नैतिक जिम्मेदारी को समझते हुए आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनानें में महत्ती भूमिका निभाएं। पूजा कमिटी माननीय प्रधानमंत्री के आग्रह तथा माननीय मुख्यमंत्री एवं ज़िले के उपायुक्त के स्वच्छता के संदर्भ में उल्लेखनीय प्रयासों से प्रेरित होकर लोगों के बीच जागरूकता लाने के आशय से यह अनुकरणीय प्रयास कर रही है।
● फूलों और विद्युत साज़-सज्जा करेंगे आकर्षित
पूजा कमिटी ने दावा किया कि इसवर्ष तैयारियां भी बेहद ख़ास है। बागबेड़ा पूजा पंडाल की ओर आती मुख्य सड़कों को पुष्प-मालाओं से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। पश्चिम बंगाल के कारीगरों को इसके निमित्त जिम्मेदारी सौंपी गयी है। वहीं सूर्यास्त के पश्चात की विद्युत सज्जा आकर्षक एवं मनमोहक होगी।
● सुरक्षा व्यवस्था एवं पार्किंग
पंडाल एवं श्रद्धालुओं के सुरक्षा को प्राथमिकताओं पर रखते हुए पूजा कमिटी चौकस रहेगी। इस आशय से चाक चौबंद व्यवस्था होगी। पंडाल पूर्णतः सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से हर हरकत पर पैनी नज़र रखी जायेगी। कमिटी की ओर से निज़ी सुरक्षाकर्मियों के अलावे पंडाल के वोलेंटियरों को भी मुस्तैदी से रखी जायेगी। पंडाल दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए पूजा कमिटी द्वारा इस वर्ष वाहन पार्किंग के लिए भी अच्छी व्यावथा देने की कोशिश की गयी है। वहीं स्थानीय प्रशासन के मार्गदर्शन में पूजा कमिटी हर संभव सेवा करने को तत्पर होगी। कमिटी की ओर से पंडाल के समक्ष ‘सहयोग केंद्र’ तैयार की जा रही है। यहाँ प्राथमिक उपचार की व्यावथाओं के अलावे अन्य सूचनाओं और जानकारी हेतु संपर्क किया जा सकेगा।
● पूजा की आयोजन इस वर्ष नौजवानों के जिम्में
बागबेड़ा दुर्गा पूजा आयोजन में यह पहला अवसर होगा जब पूजा पंडाल एवं आयोजन की ज़िम्मेदारी पूर्णरूपेण स्थानीय युवाओं और नौजवानों के जिम्मे होगी। कमिटी से जुड़े वरीय एवं बुजुर्ग सदस्यों के मार्गदर्शन में शांतिपूर्वक भव्य आयोजन संपन्न कराना कमिटी की प्राथमिकता होगी।
● नशा, फूहड़ और अश्लील गानें रहेंगे पूर्णतः प्रतिबंधित :
संस्कृति संरक्षण और संवर्धन की दिशा में एक कदम बढ़ाते हुए बागबेड़ा के रोड नंबर 04 के दुर्गा पूजा कमिटी ने फैसला लिया है कि पूजा एवं विसर्जन जूलूस के दौरान किसी भी तरह के फ़िल्मी अथवा फूहड़ गीत नहीं बजेंगे। पहली बार है कि पूजा कमिटी के संरक्षक, अध्यक्ष से लेकर कमिटी के अन्य पदाधिकारी तथा सदस्य की महत्ती जिम्मेदारी वैसे लोगों को ही दी गयी है जो किसी भी प्रकार के नशा का सेवन नहीं करतें। नशा और अश्लील गीतों के विरुद्ध बागबेड़ा पूजा कमिटी की यह मुहिम अनुकरणीय प्रयास है।
● सप्तमी से नवमी तक हर घर में पहुँचेगी महाप्रसाद
पूजा कमिटी द्वारा इस वर्ष श्रद्धालुओं के सेवार्थ महाप्रसाद और भोग का उत्तम प्रबंध किया गया है। उद्घाटन के पश्चात सप्तमी तिथि से महानवमी तक बागबेड़ा कॉलोनी के सभी घरों तक पंडाल के वोलेंटियरों द्वारा महाप्रसाद पहुंचाई जाएगी। महिलाओं और उपवास करने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के दृष्टिकोण से कमिटी द्वारा इस वर्ष से यह सेवा प्रारंभ होगी।
● पँचमी से नवमी तक सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध चलेगा व्यापक जागरूकता अभियान, उत्कृष्ट सेवा के लिए कई होंगे सम्मानित :
जिन कुरीतियों और रूढ़िवादी मान्यताओं को क़ानूनो के बल पर नहीं मिटाया जा सकता, उन्हें बागबेड़ा पूजा कमिटी ने अपनी सामाजिक सरोकार समझते हुए जागरूकता अभियान के तहत मिटाने का संकल्प लिया है। नवरात्र में पँचमी तिथि को पंडाल उद्घाटन से प्रतिदिन 09 से अधिक सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध लड़ने का संकल्प लिये गए हैं जिनके विरुद्ध पूजा कमिटी द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाई जाएगी। दो-दो सामाजिक कुरीतियों को केंद्र में रखते हुए प्रतिदिन पूजा कमिटी उसके विरुद्ध जागरूकता अभियान भी चलाएगी। इस क्रम में कुरीतियों, अन्याय, अज्ञान और अभाव के खिलाफ लड़ने वाले सभी लोगों खास कर युवाओं को जोड़ा जाएगा। वहीं सामाजिक सरोकार निभाते हुए उत्कृष्ट सेवा करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को पूजा कमिटी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। विजयदशमी के दिन “जागो रे” अभियान के तहत स्थानीय बागबेड़ा निवासी माँ दरबार में देवी भगवती के समक्ष इन सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध लड़ने का सामूहिक संकल्प लेंगे तथा पूजा पंडाल के समक्ष मानव श्रृंखला बनाकर इन कुरीतियों के विरुद्ध उठ खड़े होने का संदेश देंगे।
– पँचमी : स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण पर केंद्रित जागरूकता अभियान
– षष्ठी : बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह और नशामुक्ति पर केंद्रित जागरूकता अभियान।
– सप्तमी : दहेज़ उत्पीड़न, डायन प्रथा और काला जादू पर केंद्रित जागरूकता अभियान।
– अष्टमी : भूख, भ्रष्टाचार, छुआछूत एवं भेदभाव पर केंद्रित जागरूकता अभियान।
– नवमी : डिप्रेशन और आत्महत्या की बढ़ती प्रवृत्ति पर केंद्रित जागरूकता अभियान।
– विजयदशमी : “जागो रे अभियान” … बागबेड़ा वासियों की शपथ एवं मानव श्रृंखला।
उक्त जानकारियां बुधवार दोपहर बागबेड़ा के रोड नंबर चार स्थित पूजा पंडाल के समक्ष आयोजित प्रेस-वार्ता के क्रम में कमिटी के सदस्यों द्वारा दी गयी। मौके पर विशेष रूप से कमिटी के अजय सिंह, संजय मिश्रा, डीके मिश्रा, पवन ओझा, अप्पू तिवारी, सत्येंद्र सिंह, अभिषेक ओझा, सोनू सिंह, अंकित आनंद, रजनी ओझा, अंकित ओझा समेत पूजा कमिटी से जुड़े अन्य सदस्य मौजूद थें।

