
जमशेदपुर। सामाजिक संस्था ‘लोक समर्पण’ के अध्यक्ष श्री ललित दास ने संस्था के अन्य सदस्यों के साथ आज बाराद्वारी के देवनगर स्थित ‘नवजीवन आश्रम’ का दौरा किया और आश्रम वासियों के बीच दीपावली के उपहार बांटे। यहां नवजीवन आश्रम अंतर्गत प्रेम आश्रम, सुभाष आश्रम और गांधी आश्रम के निवासी उपस्थित थे। श्री दास ने लगभग 300 बच्चों को मिठाई, पटाखे, फुलझरी आदि के बैग दिये, जबकि माताओं के बीच दीया, तेल, बाती, खोई, मिठाई आदि का वितरण किया। श्री दास ने आश्रमवासी के घर के सामने दीया जला कर और कुछ बुजुर्ग महिलाओं को शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। बुजुर्गां और महिलाओं ने श्री दास को आशीर्वाद दिया।


आश्रमवासियों को संबोधित करते हुए श्री दास ने कहा कि यहां उनके बीच त्योहार की खुशियां बांट कर उन्हें काफी प्रसन्नता हो रही है। उनकी संस्था समाज के वंचित वर्ग की सेवा के लिए सदैव कटिबद्ध है। उन्होंने आगे भी आश्रम वासियों की सेवा करते रहने का आश्वासन दिया।
आश्रम की ओर से श्री जैनुद्दीन ने श्री ललित दास का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि श्री दास के नेतृत्व में ‘लोक समर्पण’ पहले भी हमारे बीच आयी है। उन्होंने आश्रमवासियों के साथ दीपावली की खुशियां बांटने के लिए श्री दास और संस्था के सदस्यों का आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम का संचालन संस्था के श्री ज्ञान सिंह ने किया, जिसमें मुख्य रूप से नीरज कुमार, प्रदीप कुमार, सोनू दत्ता, अभिषेक अग्रवाल, सोनू अग्रवाल आदि शामिल थे।

