
जमशेदपुर। रेड क्रॉस सोसाईटी अपने लक्ष्यों की हमेशा अग्रसर है। इस वर्ष विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर हम सभी को मिलकर इस रक्तदान महोत्सव को एक नये मुकाम तक पहुंचाना है। उक्त विचार उपायुक्त सह अध्यक्ष रेड क्रॉस पूर्वी सिंहभूम अमित कुमार ने यहां रेड क्रॉस भवन में विश्व रेड क्रॉस दिवस पर आयोजित होने वाले रक्तदान महोत्सव के लिए आयोजित मोटिवेशन मिटिंग को सम्बोधित करते हुए कहा। उन्होने कहा कि रक्तदान करने वाले प्रत्येक रक्तदाता को रेड क्रॉस का सम्मान मिले और हर रक्तदाता खुशी का अनुभव कर जाए, इस बार रेड क्रॉस सोसाईटी के लक्ष्य यही है। उन्होने इस बैठक में शामिल संस्थाओं, कारपोरेट समुह, सैन्य बल तथा अन्य सामाजिक संगठनों से आग्रह किया कि वे रेड क्रॉस के साथ हमेशा की तरह सहभागी बनकर रेड क्रॉस दिवस को एक नयी उंचाई दें। कार्यक्रम में उपस्थित रेड क्रॉस की उपाध्यक्ष सुश्री माधवी मिश्र ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस की सक्रिय शाखाओं में एक है, जहां हर समय कोई न कोई सामाजिक कार्य लोगों की सहयोग से किया जा रहा है। उन्होने कहा कि रेड क्रॉस की शक्ति उसके कार्यकर्ता और उनकी समर्पण भावना है, जिसे हमेशा प्रोत्साहित किये जाने की आवश्यकता है। उन्होने सभी से विश्व रेड क्रॉस दिवस के कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्रिन्सिपल डॉ. ए. सी. अखौरी, रेड क्रॉस के नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, उपाध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, कार्यसमिति सदस्य अरुण बांकरेवाल, पेट्रन अशोक मोदी, श्याम सुन्दर चौधरी, संजीव श्रीवास्तव, दीपक जयसवाल, अतुल कुमार, रबीन्द्र साठे, करीम सिटी कॉलेज के एनएसएस प्रभारी, डी के घोष, टी बी दत्ता ने अपने विचार रखें। कार्यक्रम का संचालन करते हुए रेड क्रॉस सोसाईटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने रेड क्रॉस दिवस के लिए तैयारियों के सम्बन्ध में बताया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन श्री अशोक मोदी ने किया।

