
पेयजल आपूर्ति, जल जमाव , पार्किंग आदि विषयों को लेकर दिए निर्देश


जमशेदपुर।
सोमवार को परिसदन में मंत्री सरयू राय ने प्रशासनिक अधिकारीयों, तकनीनी पदाधिकारियों एवं जुस्को के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में मंत्री श्री राय ने मानगो की विभिन्न नागरिक सुविधाओं के अलावा रामजन्म नगर कालोनी में पेयजल सुविधा बहाल करने को लेकर दिशा निर्देश दिए। मानगो के कालिका नगर में नाला निर्माण को लेकर जहाँ जुस्को को त्वरित गति से कार्य करने को कहा गया वहीँ एनएच 33 किनारे स्थित कालोनियों में वर्षा जल जमाव की स्थिति से निपटने के लिए मानगो अक्षेस के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार को निर्देश दिया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सम्बंधित पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर राजमार्ग के सामानांतर नाला निर्माण कार्य करवाएं। पेयजल विभाग के पदाधिकारियों को बोला गया कि मानगो में जलापूर्ति नियमित तथा पर्याप्त रखना सुनिश्चित करें। जुस्को को निर्देश दिया गया कि वह रामजन्म नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति में हीलाहवाली न करे, वह या तो अविलम्ब कार्य आरम्भ करे या फिर हाथ खड़े कर दे ताकि सरकारी स्तर पर व्यवस्था की जा सके। साथ ही कहा कि मानगो अक्षेस अंतर्गत डिमना रोड पर दो पहिया पार्किंग विकसित करने में जुस्को की ओर से मानगो अक्षेस प्रशासन को सकारात्मक सहयोग मिले । इसके अलावा दो मुहानी पर प्रस्तावित पार्क, निर्माणाधीन पुल निर्माण कार्य, शहर के अतिक्रमण, शहर की यातायात व्यवस्था आदि पर भी विमर्श हुआ। बैठक में उपायुक्त श्री अमित कुमार, दोनों अक्षेस के विशेष पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के दोनों प्रमंडलों के पदाधिकारी एवं जुस्को के प्रतिनिधि मौजूद थे।

