
जमशेदपुर।


सामाजसेवी संस्था ‘समाधान’ द्वारा प्रतिवर्ष होने वाले जरूरतमंद वर्ग के जोड़ों के भव्य सामूहिक विवाह से पूर्व इसबार संस्था के सदस्य पटना साहिब में मत्था टेक कर सफलतापूर्वक उक्त नेक काज संपन्न कराने को लेकर विशेष प्रार्थना करेंगे। साथ ही पिछले कई वर्षों से समाधान द्वारा संपन्न कराए गए विभिन्न आयोजनों के लिए ईश्वर के प्रति आभार प्रकट करेंगे। इसके पीछे कारण बताया गया कि पिछले वर्ष के वैवाहिक समारोह के दरम्यान ही समाधान के कुछ सदस्यों ने पटना साहब जाकर प्रार्थना करने की इच्छा रखी थी, जिसे इस वर्ष के आयोजन से पूर्व संस्था के सदस्य पटना के श्री पटना साहिब गुरुद्वारा में विशेष प्रार्थना करेंगे। दो सितम्बर को सदस्य पटना रवाना होंगे तथा पूजनोपरांत 4 सितंबर की शाम शहर लौटेंगे। शुक्रवार शाम तृतीय सामूहिक विवाह के आयोजन के मद्देनजर बाराद्वारी स्थित समाधान कार्यालय में एक बैठक में सर्वसम्मति से उक्त निर्णय लिए गए। तय हुआ कि इस वर्ष भी 15 गरीब जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा जिसमें उन्हें गृहस्थ से जुड़े आवश्यक सामान भेंट किये जायेंगे। संस्था की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि जरूरतमंद जोड़ों को ढूंढने की दिशा में जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया गया है। प्रारंभिक दौर में पोस्टर एवं बैनरों के माध्यम से प्रचार प्रसार किया जा रहा है आगे स्थानीय स्वयमसेवी संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों से सहायता ली जाएगी। बताया गया कि शीघ्र ही आयोजन स्थल,बैंड,टेंट,लाइट,इत्यादि वैवाहिक जरूरतों से जुड़े तैयारियां पूरे किए जाएंगे जिसके लिए सदस्यों के बीच जिम्मेदारी बाँटी जाएगी। इस दौरान संस्था के कई आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चाएं की गयी। बैठक की अध्यक्षता संस्था की अध्यक्ष पूनम विग ने की। इस दौरान मुख्यरूप से समाधान के संरक्षक दिनेश कुमार के अलावे कोषाध्यक्ष कुलजीत सदाना, सचिव हरजीत भाटिया,बीना खिरवाल,रमेश खंडेलवाल,अमिता महेंद्रू, किरण शॉ, सुनीता सचदेव,गीता वगाडिया,अंकित आनंद,अमरजीत सिंह राजा,आशिष गुलाटी,सरबजीत सिंह भाटिया समेत अन्य मौजूद थें।

