
● कल भाजपा जिला कार्यालय में लड्डू-वितरण
● हर घर से जुड़ा विषय, रघुवर सरकार ने अभिभावकों की सुनी : दिनेश कुमार
● प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर अंकुश लगाने में कारगर होगा विधेयक : अंकित
जमशेदपुर।
रघुवर सरकार द्वारा सदन में प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर नियंत्रण लगाने वाले विधेयक को पारित किए जाने से अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी। इस आशय से भारतीय जनता पार्टी ने सूबे की रघुवर सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का यह प्रयास आगामी दिनों में राज्यभर के लाखों अभिभावकों को बड़ी राहत देगी। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि निज़ी स्कूलों की मनमानी पर अंकुश लगे इस आशय की माँग लगातार भाजपा की कार्यसमिति बैठकों में भी उठती रही है तथा पार्टी द्वारा समय-समय पर इस माँग से सरकार को अवगत भी कराया गया है। अभिभावकों के दर्द सुनने के लिए रघुवर सरकार बधाई का यह पहल ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि भाजपा के ही प्रवक्ता अंकित आनंद द्वारा इस दिशा में लंबे समय से आंदोलनरत थें। सूबे में भाजपा की सरकार होने के बावजूद भी मुखर होकर अभिभावकों के हितार्थ अभियान चलाना भारतीय जनता पार्टी की प्रतिबद्धता को ज़ाहिर करता है। उन्होंने विधेयक पारित होने पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से माननीय मुख्यमंत्री, माननीय शिक्षा मंत्री समेत एनडीए के समस्त विधायकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
भाजपा जिला प्रवक्ता अंकित आनंद ने झारखण्ड शिक्षा न्यायाधिकरण संशोधन विधेयक-2017 के पारित होने पर ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए इसे “शिक्षा सत्याग्रह अभियान” की जीत बताई। कहा कि विगत कई महीनों से इस दिशा के युद्धस्तरीय प्रयास करते हुए सम्बंधित मंत्रालय और विभागों में कई चक्र पत्राचार किये गए। इसके अलावे विभागीय मंत्री माननीय नीरा यादव से मिलकर अभिभावकों की समस्याओं से ध्यानाकृष्ट कराया गया। माँगों को अनसुना करने वाले शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों के विरुद्ध जाँच कमिटी तक बैठी। इसके अलावे कई स्कूलों के विरुद्ध ज़ोरदार प्रदर्शन और गिरफ्तारी तक दी गईं। कहा कि रघुवर सरकार का यह प्रयास अभिभावकों के अलावे शिक्षकों के लिए भी हितकारी है। कहा कि इसका असर नए सत्र से पूर्णतः दिखेगा जब विधेयक प्रभावी हो जाएगा। भाजपा जिला प्रवक्ता अंकित आनंद ने कहा कि सदन में विधेयक पारित होने की ख़ुशी में कल (सोमवार) को भाजपा के जिला कार्यालय में खुशियाँ मनाई जाएगी।

