
जमशेदपुर।


बंगाल की खाड़ी में बन रहे दबाव के कारण “तितली” चक्रवाती तूफान निकटवर्ती राज्य ओडिशा की ओर काफी तेजी से बढ़ रहा है। फिलहाल यह तूफान 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार दिनांक11.10.18 तक इसकी तीव्रता बढ़ने की संभावना है। ऐसी संभावना व्यक्त की जा रही है कि 145 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिसका असर झारखंड सहित निकटवर्ती राज्यों में भी दिखेगा। पूर्वी सिंहभूम सहित विभिन्न जिलों में दिनांक 12.10.2018 से 14.10.2018 तक तितली चक्रवाती तूफान का असर दिखने की संभावना व्यक्त की गई है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। उक्त परिप्रेक्ष्य में जिले में तितली चक्रवाती तूफान के प्रभाव को देखते हुए क्षेत्र में सतर्कता पूर्ण कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है ताकि तेज बारिश एवं आँधी तूफान से कम से कम क्षति पहुँचे ।
*मौसम विभाग की चेतावनी बुलेटिन के आलोक में जिले के उपायुक्त अमित कुमार ने जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा थाना प्रभारी को सतर्कता पूर्ण कार्रवाई करने हेतु विस्तृत निर्देश जारी करते हुए कहा है कि क्षेत्र में मौसम परिवर्तन के अनुरूप तेज आँधी तूफान एवं बारिश की संभावना को देखते हुए अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर निगरानी रखेंगे। किसी प्रकार की आपात सूचना प्राप्त होने पर तुरंत जिले के वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए प्रभावितों को तात्कालिक रूप से उचित सहायता प्रदान करने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर क्षति का आंकलन करते हुए सहायता राशि भुगतान हेतु अविलंब प्रस्ताव जिला कार्यालय को भेजा जाये।* संपूर्ण कार्यों के लिए अधीनस्थ क्षेत्र कर्मियों एवं पदाधिकारियों को इस संदर्भ में अवगत कराते हुए अलर्ट मोड पर कार्य करने हेतु निर्देशित किया जाये।
इसके अतिरिक्त सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ समन्वय रखते हुए उपरोक्त व्यवस्थाओं में आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। साथ ही आंधी तूफान के कारण किन्हीं पथों पर आवागमन बाधित हो जाने की स्थिति में पथ को यथावत चालू कराने के संदर्भ में भी समुचित कार्रवाई करेंगे ।

