
जमशेदपुर।


मानगो अक्षेस के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने गुरुवार सुबह सात से नौ बजे दो घंटे विशेष अभियान चलाकर ऐसे लोगों को पकड़ा जो घर में शौचालय होने के बावजूद खुले में शौच को जा रहे थे। न्यू उलीडीह के शमशान घाट, बिरसा रोड आदि इलाकों में इस प्रकार के लोगों को फटकार लगाई गयी तथा सख्त चेतावनी दी गयी कि यदि आगे से कोई मिला तो आर्थिक दंड लगाया जायेगा। स्थानीय समाजसेवी मंगल बोदरा के साथ कुछ घरों में घूमकर संजय कुमार ने लोगो से कहा कि यदि किसी परिवार में शौचालय बनना बाकी हो तो अविलम्ब मानगो अक्षेस को सूचित करें। साथ ही पैसे लेकर भी किसी का शौचालय अधूरा हो तो उसे तुरंत पूर्ण कर लें।
विशेष पदाधिकारी ने चलाया फावड़ा
मौके पर पता चला कि दर्जनों बाहरी लोग अस्थायी या किरायेदार के रूप में रहते हैं जिनके मकान मालिक ने शौचालय सुविधा नहीं दी है वे खुले में शौच का रास्ता अपनाते हैं . लोगो से राय लेने के बाद तय हुआ कि यदि इस शमशान घाट मैदान के किनारे एक सार्वजनिक शौचालय बन जाये तो समस्या हल हो सकती है। स्थानीय लोगों की इस मांग पर मौके पर ही संजय कुमार ने स्थानीय समाजसेवियों के साथ भूमि चिन्हित कर व फावड़ा चलाकर उक्त सार्वजनिक शौचालय की औपचारिक शुरुआत की तथा सिटी मैनेजर को 24 घंटे में इस शौचालय का निर्माण आरम्भ करवाने का निदेश दिया।
सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों को दी गयी हिदायत, नहीं सुधरे तो फोटो खींचकर शहर में लगाए जायेंगे पोस्टर
डिमना रोड पर स्थानीय लोगों तथा सब्जी वालों के द्वारा यत्र तत्र कूड़ा फेकने से सफाई व्यवस्था सुचारु नहीं रह पाती है। इसको लेकर गोपनीय तरीके से अकेले घूम घूम कर विशेष पदाधिकारी ने चार लोगों ( सुनील गोराई, शमीना खातून , संध्या व राजू गोराई ) को सड़क पर कूड़ा फेंकते हुए रंगे हाथ पकड़ा। यद्यपि ऐसे लोगों से कोई जुर्माना बसूल नहीं किया किन्तु हिदायत दी गयी कि अगर कल से कोई महिला पुरुष सड़क पर कूड़ा फेंकते दिखा तो उसकी कूड़ा फेंकते हुए वाली फोटो खींचकर शहर में पोस्टर लगवा दिए जायेंगे।

