गम्हरिया
—–
खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत बनाए गए राशन कार्ड में हुए व्यापक गड़बड़ी में सुधार करने तथा अन्य समस्याओं को लेकर प्रखंड आपूर्ति कार्यालय पहुँचे कई पंचायत के ग्रामीणों द्वारा मंगलवार को प्रखंड परिसर में काफी हंगामा मचाया गया। ऐसी स्थिति उत्पन्न हो गई कि आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए और प्रखंड कार्यालय के समीप आदित्यपुर-कान्ड्रा मार्ग को जाम कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी अरविन्द कुमार तथा गम्हरिया थाना प्रभारी आदिकांत महतो सदलबल वहाँ पहुँचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इस मौके पर ग्रामीणों ने बताया कि नए राशन कार्ड निर्माण में भारी गड़बड़ी की गई है। एक तो सभी आवेदकों का राशन कार्ड अभी तक नहीं बनाया गया है। जो राशन कार्ड बना है उसमें काफी त्रुटियाँ हैं। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड में सिर्फ मुख्य सदस्य का नाम ही उल्लेख किया गया है जबकि परिवार के अन्य सदस्यों का नाम नहीं दिया गया है। साथ ही, 35 किलोग्राम के बदले मात्र तीन किलोग्राम खाद्यान्न कार्डधारियों को दिया जा रहा है जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया है कि इन समस्याओं को लेकर कई बार ग्रामीणों द्वारा आपूर्ति पदाधिकारी कार्यालय का चक्कर लगाया गया। किन्तु वे अनुपस्थित रहे। यहाँ तक कि महीनों से उनके कार्यालय का ताला तक नहीं खोला गया है। मंगलवार को भी प्रखंड के जयकन, ईटागढ़, डूंडरा, जसपुर, दुग्धा आदि पंचायत के कई गाँव के ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर एमओ कार्यालय आए किन्तु उनके अनुपस्थित रहने से वे भड़क उठे। इसके बाद इसकी शिकायत करने वे प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय गए। किन्तु बीडीओं के सरायकेला चले जाने की खबर सुन ग्रामीण भड़क उठे और प्रदर्शन कर सड़क जाम कर दिया। बाद में इस बावत उपायुक्त को संबोधित एक शिकायत पत्र ग्रामीणों द्वारा प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी को सौंपा गया।
