
सरायकेला।भूमि अधिग्रहण विधेयक के विरोध में महागठबंधन में शामिल दलों द्वारा आहूत झारखंड बंद का गम्हरिया, कान्ड्रा, कोलाबीरा समेत आसपास के क्षेत्रों में व्यापक असर रहा। दूपहिया वाहनों को छोड़कर क्षेत्र की सड़कों पर किसी भी प्रकार के वाहनों का आवागमन नहीं हुआ। वहीं अधिकांश दूकानदारों ने सुबह से ही स्वतः अपनी दूकानें बंद रखा। इस दौरान गम्हरिया लाल बिल्डिंग चौक, उषा मोड़, दूर्गापूजा मैदान के पास बंद समर्थकों द्वारा सड़क जाम करने का प्रयास किया गया जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर प्रयास विफल कर दिया। इस दौरान गम्हरिया क्षेत्र में कुल 57 बंद समर्थकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार होने वाले प्रमुख नेताओं में मुख्य रूप से कांग्रेस नेता फूलकांत झा, राजू रजक, प्रदीप बारिक, झामुमो नेता अम्रित महतो, मंगल मांझी, अमीन मंडल, अविनाश सोरेन, राजद प्रदेश महासचिव अर्जुन यादव, जिलाध्यक्ष संजय सिंह, डीएन सिंह, पूजा टुडू, झामुमो केन्द्रीय सचिव गणेश चौधरी, शंकर मुखी, झाविमो नेता रामू मुर्मु आदि शामिल हैं। वहीं कान्ड्रा मोड़ पर सड़क जाम कर रहे झामुमो नेता कृष्णा बास्के, झाविमो नेता सोखेन हेम्ब्रम समेत कुल 118 महिला व पुरूष समर्थकों को कान्ड्रा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। संध्या में सभी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। इधर, बंद के मद्देनजर प्रशासनिक स्तर से भी व्यापक तैयारी की गई थी सभी चौक चौराहों समेत चप्पे चप्पे पर दंडाधिकारी के साथ प्रयाप्त संख्या में पुलिस बलों को तैनात किया गया था। इसके अलावा आदित्यपुर थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह, गम्हरिया थाना प्रभारी जय प्रकाश राणा, कान्ड्रा थाना प्रभारी अशोक कुमार स्वयं क्षेत्र में गश्ती कर विधि व्यवस्था का जायजा लेते रहे। जिले के उपायुक्त, एसपी, एसडीपीओ, अनुमंडलाधिकारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी क्षेत्र का दौरा कर विधि व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

