
लातेहार। झारखंड के लातेहार और छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित बूढ़ा पहाड़ पर नक्सलरोधी अभियान के दौरान मंगलवार की शाम माओवादियों के लैंडमाइंस विस्फोट में झारखंड जगुआर के छह जवान शहीद हो गए। पलामू के पुलिस उपमहानिरीक्षक विपुल शुक्ला ने बताया कि सूचना के अनुसार यह घटना गढ़वा जिले के चिंजो क्षेत्र में हुई है। 1जानकारी के अनुसार सुरक्षाबल के जवान मंगलवार की शाम नक्सल विरोधी अभियान के दौरान जब चिंजो क्षेत्र में पहुंचे तो नक्सलियों ने लैंडमाइंस विस्फोट कराकर एंटी लैंडमाइंस वाहन को उड़ा दिया और जवानों पर फायरिंग भी की। इसमें झारखंड जगुआर के छह जवान शहीद हो गए। कुछ अन्य जवान भी घायल हुए हैं। नक्सलियों ने जवानों के हथियार भी लूट लिए हैं। दोनों तरफ से सैकड़ों राउंड फायरिंग हुई है। घटनास्थल पर देर रात तक दोनों तरफ से गोलीबारी जारी रहने की सूचना है। नक्सल विरोधी अभियान में झारखंड जगुआर के अलावा सीआरपीएफ 112 बटालियन के जवान भी शामिल थे। जानकारी के अनुसार रात 11:00 बजे कुछ जवान बरगढ़ के कुल्टी पिकेट लौटे हैं। उनकी स्थिति क्या है, इस बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। डीआइजी विपुल शुक्ला ने बताया कि घटनास्थल के लिए अतिरिक्त बल रवाना कर दिया गया है। 1गौरतलब है कि मंगलवार को हुए इस हमले से पहले मार्च में छतीसगढ़ के सुकमा जिले में भी नक्सलियों ने एक बड़ा हमला किया था। इस हमले में सुरक्षाबलों के 9 जवान शहीद हुए थे। तब हमले में 6 जवान घायल हुए थे। सुकमा हमले में जवानों को पहले आइआइडी ब्लास्ट से निशाना बनाया गया, फिर फायरिंग की गई। इस हमले में 100 माओवादी शामिल थे।



