रांची ।
झारखंड में पत्रकारों एवं गैर पत्रकारों के लिए सभी अख़बारों और मीडिया संस्थानों में अबिलम्ब मजीठिया वेतन आयोग की अनुशंसा लागू करने, श्रम कानूनों को समुचित रूप से लागू करने हेतु एक राज्य समन्वय समिति गठित करने ,रांची और जमशेदपुर में यूनियन कार्यालय हेतु भवन या भूमि उपलब्ध करवाने आदि मांगों के सन्दर्भ में झारखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश महासचिव प्रमोद कुमार झा एवं अध्यक्ष मधुकर ने राज्य के श्रम मंत्री राज पलिवार से उनके रांची आवास पर आज मुलाकात की.श्रम मंत्री को यूनियन नेतृत्वद्वय द्वारा सौंपे गए एक ज्ञापन में मांग की गई कि जमशेदपुर के जुगसलाई में एक सड़क का नाम छोटानागपुर -संथाल परगना के प्रथम हिंदी दैनिक नया रास्ता के शहीद संपादक शंकर लाल खीरवाल एवं मानगो-पारडीह ,जमशेदपुर के सड़क का नाम अमृत बाजार पत्रिका के स्वर्गीय वरीय पत्रकार मो.इलियास के नाम पर रखा जाये.ज्ञातव्य है कि शंकर लाल खीरवाल और मो.इलियास की जमशेदपुर के जुगसलाई और मानगो में कर दी गयी थी.
यूनियन ने प्रेस क्लब के लिए रांची की तर्ज पर पूरे झारखंड में प्रेस क्लब हेतु भूमि उपलब्ध करने की मांग की.साथ ही प्रेस क्लब ,रांची हेतु उपलब्ध करवाए गए भूमि पर शीघ्र निर्माण कार्य पूरा करने का अनुरोध किया गया. राज्य में पत्रकारों के लिए सरकारी मान्यता प्रदान करने वाली राज्य प्रेस मान्यता समिति में यूनियन के प्रतिनिधित्व की मांग भी रखी गयी.यूनियन ने मंत्री से राज्य के प्रत्येक थाना क्षेत्र में पत्रकारों को थाना शांति समिति,केंद्रीय सदभावना समिति, जिला समन्वय समिति आदि में जगह देने, पत्रकारों के बच्चों को स्कूलों में दाखिला में प्रमुखता देने,पत्रकारों के इलाज की निशुल्क व्यवस्था करने और गम्भीर बीमारी की दशा में पत्रकारों को राज्य के बाहर किसी अस्पताल में इलाज की जरुरत पड़ने पड़ सरकारी सहायता देने की मांग भी नेताद्वय ने मंत्री के समक्ष रखी.
यूनियन ने मंत्री से जमशेदपुर में टाटा स्टील द्वारा तोड़े गए मीडिया सेंटर का पुनः किसी उचित जगह पर निर्माण करवाने हेतु कंपनी को निर्देशित करने की मांग रखी गयी.
मंत्री ने सभी मांगों पर उचित एवं त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया.
