रांची (झारखंड)। लातेहार जिला के पेशरार प्रखंड के मुरमू गांव में भाकपा माओवादियों ने तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। मरने वालों में बाल किशोर नाथ शाहदेव (62) उनके पुत्र प्रमोद नाथ शाहदेव (35) तथा जयकिशोकर नाथ शाहदेव (60) हैं। सभी लोग झारखंड प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के पूर्व अध्यक्ष भाजपा नेता ठाकुर बाल मुकुंद नाथ शाहदेव के परिवार के सदस्य हैं। घटना शनिवार शाम सात बजे बतायी जा रही है। बताया जाता है कि इस घटना को माओवादी उग्रवादी नकुल यादव के दस्ते ने अंजाम दिया है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गयी हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार तीनों का अपहरण उस समय किया गया जब वे खेती का काम देखने के लिए जंगल की ओर जा रहे थे। लोहरगा-लातेहार जिलों के सीमावर्ती माराचीन जंगल में नक्सलियों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। तीनों के पास से राइफल और गोलियां भी नक्सलियों ने छीन ली और उन्हें दोआरसेमी पहाड़ी पाठ ले गये। हत्या के पहले उनकी लाठी-डंडे से जमकर उनकी पिटाई की गई। अपहरण के संबंध में पुलिस को रात में ही सूचना दे दी गई थी। लेकिन पुलिस रात में नहीं निकली। सुबह में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पहाड़ पर पहुंचे और तीनों का शव उठाकर मुरमू लाया। तीनों के हाथ बंधे हुए थे। लोहरदगा एसपी मनोज रतन चैथे रविवार सुबह दस बजे मुरमू पहंुचे।
शव का पोस्टमार्टम लातेहार सदर अस्पताल में कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतकों का रविवार को अंतिम संस्कार किया गया। जानकारी मिलने पर केन्द्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत, मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, विधायक कमल किशोर भगत और डीजीपी डीके पाण्डेय ने घटनास्थल का दौरा किया। मृतकों के परिवार से बातचीत की और घटना की जानकारी ली। नेताओं ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। डीजीपी ने नक्सलियों के खिलाफ कड़े कदम उठाये जाने की भी घोषणा की। सभी नेता और डीजीपी अंतिम संस्कार में भी शामिल हुये।

