
पटना ।


राजद प्रमुख लालू प्रसाद के पुत्र तेजप्रताप एवं पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की पुत्री ऐश्वर्या राय शनिवार की रात विवाह बंधन में बंध गए। राबड़ी देवी के सरकारी आवास से शाही अंदाज में बरात निकली और वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में जयमाल की रस्म पूरी हुई। बाद में वैवाहिक कार्यक्रम चंद्रिका राय के सरकारी आवास में संपन्न हुआ।
बरात में राज्यपाल सत्यपाल मलिक एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत बड़ी संख्या में वीवीआइपी मेहमान, रिश्तेदार और हजारों की संख्या में समर्थक शामिल हुए। नीतीश ने दूल्हा-दुल्हन को पुष्प गुच्छ और आशीर्वाद भी दिया।इसके पहले तेजप्रताप फूलों से सजी सफेद रंग की गाड़ी में दूल्हा बनकर अपने घर से निकले। गाड़ी में पीछे गजरा बांधे राबड़ी देवी के साथ गुलाबी पगड़ी बांधे लालू प्रसाद एवं तेजस्वी यादव बैठे थे। हाथी-घोड़े-ऊंट एवं बैंड-बाजा के साथ धूम से बरात निकली तो लालू प्रसाद और तेजप्रताप जिंदाबाद के नारे भी लगे। सात बेटियों की शादी के बाद लालू परिवार में पहली बार बरात सजाई गई थी।
वरमाला के लिए लड़की पक्ष द्वारा वेटनरी कॉलेज परिसर की भव्य सजावट की गई थी। वहां भी समर्थकों ने लालू जिंदाबाद के नारे लगाए और महिलाओं की टोलियों ने पारंपरिक मंगल गीत गाए। लालू और तेजस्वी ने मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत किया। लालू के समधी चंद्रिका राय ने परिवार के साथ बरातियों का स्वागत किया। खाने-पीने के लिए 50 से अधिक पंडाल लगाए गए वर-वधु को आशीर्वाद देने के लिए देशभर के कई दिग्गज नेता पहुंचे। राजद के सभी प्रदेशों के प्रतिनिधि भी पहुंचे हुए थे। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पत्नी डिंपल यादव के साथ दोपहर में ही लालू परिवार से मिलकर और तेजप्रताप को आशीर्वाद देकर लौट गए थे। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान एवं उपेंद्र कुशवाहा के अलावा रालोद के अजित सिंह, शरद यादव, प्रफुल्ल पटेल, भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, झारखंड सरकार में भाजपा के मंत्री सरयू राय, कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय, दिग्विजय सिंह, झामुमो के हेमंत सोरेन ने भी समारोह में शिरकत की और वर-वधु को आशीर्वाद दिया।

