झारखंड: रघुवर दास ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, नहीं पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

40
AD POST

संवाददाता,रांची,28 दिसंबर

रांची के मोरहाबादी मैदान में आज एक भव्य समारोह में झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री भाजपा के रघुवर दास एवं उनके मंत्रिमंडल के चार सहयोगियों सीपी सिंह, नीलकंठ सिंह मुंडा, डॉ. लुईस मरांडी और आज्सू के चंद्रप्रकाश चौधरी ने शपथ ग्रहण की। हालांकि खराब मौसम के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इस कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके।

राज्यपाल डॉ. सैयद अहमद ने आज यहां बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित शानदार समारोह में झारखंड की दसवीं सरकार के मनोनीत मुख्यमंत्री रघुवर दास और उनके चार अन्य मंत्रियों को शपथ दिलायी।

दिल्ली में खराब मौसम के चलते विमान के उड़ान न भर सकने के कारण शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, शीर्ष भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह आदि नहीं पहुंच सके।

फिर भी समारोह में भाजपा के शीर्ष नेता संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू, केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, केन्द्रीय मंत्री रामकृपाल यादव एवं अन्य अनेक वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

AD POST

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की पहचान बन गये लाल जैकेट और सफेद पायजामा और कुर्ते में समारोह में पहुंचे नये मनोनीत मुख्यमंत्री रघुवर दास को जब राज्यपाल ने शपथ दिलाई तो पूरा स्टेडियम उनकी और भाजपा की विजय के नारों से गूंज उठा।

बाद में राज्यपाल ने पूर्व विधानसभाध्यक्ष भाजपा के सीपी सिंह, कार्यवाहक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दुमका से पराजित करने वाली भाजपा की डॉ. लुईस मरांडी, वरिष्ठ आदिवासी भाजपा नेता नीलकंठ सिंह मुंडा और गठबंधन सहयोगी आज्सू के चंद्रप्रकाश चौधरी को भी शपथ दिलाई। सभी ने हिंदी में शपथ ली।

आज के शपथ ग्रहण में भाजपा ने गठबंधन सहयोगी आज्सू को एक मंत्रिपद देकर संतुष्ट करने की कोशिश की है और साथ ही जहां रांची के लोकप्रिय नेता सीपी सिंह को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है, वहीं लुईस मरांडी को साथ लेकर आदिवासी ईसाई समुदाय को और वरिष्ठ आदिवासी नेता पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के नजदीकी नीलकंठ सिंह मुंडा को शामिल कर आदिवासी जन समुदाय और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को संतुष्ट करने का प्रयास किया गया है। शेष सात मंत्रियों को शपथ बाद में दिलाई जाएगी ।

इस बीच कैबिनेट सचिव एन एन पांडेय ने बताया कि आज शाम चार बजे सचिवालय में राज्य के नये मंत्रिमंडल की पहली बैठक भी बुलायी गयी है।

– See more at: http://www.jansatta.com/national/raghubar-das-take-swearing-as-jharkhand-10th-chief-minister/11311/#sthash.NIoyZb1u.dpuf

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More