
जमशेदपुर।
टाटा-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस में 11 जून से एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच लगेंगे। एलएचबी कोच का ट्रायल करीब एक महीने से संतरागाछी में चल रहा था।
दक्षिण-पूर्व जोन से स्टील में कोच बदलने का आदेश सोमवार शाम टाटानगर स्टेशन पर आया है। स्टील एक्सप्रेस में 22 कोच (एसी चेयरकार, सामान्य श्रेणी के आरक्षित व जनरल कोच) होंगे। रेलवे की नई व्यवस्था से हावड़ा व टाटानगर-खड़गपुर से रोज अप-डाउन करने वाले करीब 6 हजार यात्रियों को नई सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन रोज सुबह हावड़ा जाकर फिर रात में टाटानगर लौटती है।
सुरक्षित व आरामदेह
एलएचबी कोच के कारण यात्रियों को ट्रेन की तेज स्पीड के बावजूद झटके नहीं लगेंगे। आरामदेह के साथ एलएचबी कोच सुरक्षा के तहत भी बेहतर है। दुर्घटना होने पर एलएचबी कोच एक-दूसरे पर नहीं चढ़ते। इससे जानमाल का नुकसान कम होता है।
पैसेंजर में उत्साह: स्टील में एलएचबी कोच लगाने से डेली पैसेंजर में उत्साह है। छोटानागपुर पैसेंजर एसोसिएशन व सिंहभूम चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के सदस्य वर्षों से यह मांग कर रहे थे। पैसेंजर नंदकिशोर साह ने कहा कि रेलवे ने बेहतर कदम उठाया है।
डीआरएम ने थी जांच: चक्रधरपुर रेल मंडल के पूर्व प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद ने स्टील की बोगियों को बदलने पर जोर दिया था। वे टाटानगर स्टेशन से स्टील एक्सप्रेस पर सवार हुए थे और बोगियों का निरीक्षण कर चलती ट्रेन में सामान्य श्रेणी के यात्रियों से सुझाव लिया था।



