
मंगलवार की सुबह चेशायर होम में दिव्यांगों के साथ खुशियां मनायेंगे पप्पू
जमशेदपुर। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सिने तारिका माधुरी दीक्षित का जन्मदिन 14 मई सोमवार और 15 मई मंगलवार को मतदान जागरूकता संदेश के साथ साकची हंडी लाईन स्थित मनोहर चाट दुकान में धूमधाम से मनाया जायेगा। इसकी सभी तैयारियां पुरी कर ली गयी हैं। इस संबंध में पप्पू सरदार ने शनिवार को मीडिया को बताया कि प्रथम दिन सोमवार 14 मई की रात 12 बजे केेक कटिंग होगा। इससे पहले माधुरी की लंबी उम्र के लिए पंडित संतोष कुमार त्रिपाठी द्धारा दुकान में पूजा की जायेगी। पूजा के बाद आदिवासी समाज के लोगों द्धारा सरहूल नृत्य और पूर्व सैनिक परिवार के साथ गेट-टू-गेदर (धमाल) का कार्यक्रम होगा। सोमवार को दिन में यातायात डीएसपी विवेकानंद ठाकुर के कर कमलों द्धारा 100 से अधिक ट्राफिक पुलिसकर्मियों के बीच शीतल जल रखने वाला पानी का बोतल का वितरण किया जायेगा।
पप्पू सरदार ने आगे बताया कि दूसरे दिन मंगलवार 15 मई की सुबह 9 बजे करनडीह स्थित चेशायर होम में रहने वाले दिव्यांगों (विशेष लोगों)े के साथ माधुरी की जन्मदिन की खुशियां मनायेंगे। बाराद्वारी स्थित ओल्ड एज होम में रहने वाले लोगों को भी इस खुशी में शामिल किया जायेगा। चेशायर होम में रहने वाले विशेष लोगों के लिए
दोसा, गोलगप्पा, पावभाजी, वाइस आईसक्रिम की व्यवस्था की गयी हैं।
इस दिन दुकान में आने वाले लोगों को माधुरी के जन्मदिन की शुभकामनाओं के साथ मतदाता जागरूकता का संदेश देंगें। मंगलवार को दिन भर दुकान में पेप्सी, वाइस आईसक्रिम, केक, चाॅकलेट, बिस्कुट, समेत संध्या में चाट का वितरण निःशुल्क किया जायेगा।
मालूम हो कि पिछले 22 सालों से हर वर्ष माधुरी का जन्मदिन मनाते आ रहे शहर के पप्पू सरदार की माधुरी की भक्ति के रूप में अंतर्राष्ट्रीय पहचान बन चुकी है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पेप्सी कंपनी, साकची निवासी डा. एस के तिवारी व संदीप अग्रवाल, खडंगाझार निवासी बिशू अग्रवाल, केसी इंटरप्राइजेज समेत कई शुभचिंतकों का भी सहयोग प्राप्त हुआ है। माधुरी के जन्मदिन पर लगभग पांच हजार लोग पप्पू की चाट दुकान पर आकर उसकी इस खुशी में शामिल होकर माधुरी दीक्षित के जन्मदिन की गवाह बनते हैं। पप्पू सरदार ने मंगलवार को सभी शहरवासियों से आने का अनुरोध किया है।

