
समाज और राष्ट्र को उन्नति के पथ पर ले जाने के लिए शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है इसके महत्व को समझें और सबको शिक्षित होने का अवसर अवश्य दें– विद्युत वरण महतो सांसद जमशेदपुर
21 दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम पूर्णतया गरीब कल्याण को समर्पित है. अभिवंचित वर्ग के हित के लिए योजनाओं को और सुविधाओं को विकेंद्रीकरण करने का कार्यक्रम है– अमित कुमार, उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम
जमशेदपुर। शहर के शावक नानावती तकनीकी संस्थान (एसएनटीआई) के प्रेक्षागृह में भारत रत्न बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की 127 वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक न्याय दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया.
इस अवसर पर बाबा साहब के जीवन और उनके कृतित्व पर आधारित परिचर्चा आयोजित की गई जिसमें कोऑपरेटिव कॉलेज के सेवानिवृत्त प्राचार्य श्री मनोज रंजन सिन्हा, B.Ed संकाय जमशेदपुर महिला कॉलेज की प्राध्यापिका श्रीमती त्रिपुरा झा और सेवानिवृत्त विशेष सचिव श्री एच. एन. राम ने अपने विचार प्रस्तुत किए. उपस्थित गणमान्य अतिथियों के द्वारा झारखंड राज्य अनुसूचित जाति सहकारिता विकास निगम लिमिटेड पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर के लाभार्थियों, वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत वन पट्टा वितरण तथा अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 एवं संशोधित नियम 2016 के अंतर्गत लाभुकों को लाभ प्रदान किया गया. मुख्यमंत्री अनुसूचित जनजाति ग्राम विकास योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूह को लाभांवित किया गया.
झारखंड सरकार के खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री श्री सरयू राय ने कहा कि बाबा साहब ने अपने समय की परिस्थितियों को देखते हुए अनुकूल कार्य किए. आज हम उनके द्वारा किए गए कार्यों की प्रासंगिकता पर विचार करें और उनको अपने समय की प्रासंगिकता के अनुरूप अपने जीवन और समाज में उतारे. उन्होंने कहा कि बाबा साहब के जीवन में स्वतंत्रता से अधिक चेतना सामाजिक समरसता और अस्पृश्यता दूर करने की थी आज के समय में उनके विचारों के निहितार्थ को समझते हुए हमें महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और सभी को बराबरी का दर्जा देने की दिशा में आगे बढ़ना होगा तभी अंबेडकर के जीवन के मूल्यों को और उनके विचारों को एक संस्कार के रूप में हम आत्मसात कर पाएंगे. पूज्य अंबेडकर ने पूरे राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम के पूरे आंदोलन के दौरान अपनी बातों को पूरी बेबाकी की बेबाकी से रखा और आजीवन सामाजिक समरसता के लिए संघर्ष करते रहे. समाज के लिए दूर दृष्टि के साथ रास्ता दिखाने का काम किया. अनुसूचित और गैर अनुसूचित समाज सभी के लिए उनके विचार आज भी समीचीन. हम उनके विचारों की बुनियाद को समझें और उनके जीवन मूल्यों को पूरी संपूर्णता में जानकर तब उन्हें अपने समाज और राष्ट्र में स्थापित करें.
इस अवसर पर सांसद श्री विद्युत वरण महतो ने कहा कि आज के ऐतिहासिक दिन में विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के लिए संविधान के निर्माण के प्रयासों के लिए हम उनके सदा आभारी रहेंगे. वह एक अत्यंत साधारण परिवार में जन्मे और कई बार उन्हें समाज में उपेक्षा झेलनी पड़ी फिर भी संघर्ष करके उन्होंने समाज के वंचित शोषित और अन्य वर्ग के लोगों के लिए अनेकानेक कार्य किए. उनका त्रिसूत्रीय कथन कि शिक्षित हो, संगठित रहो और संघर्ष करो आज भी प्रासंगिक और अनुकरणीय है. आज पूरा राष्ट्र उनके महत् कार्यों के प्रति कृतज्ञ है. उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के द्वारा डॉक्टर अंबेडकर नेशनल मेमोरियल के तौर पर एक अनमोल सौगात सवा सौ करोड़ देशवासियों को प्राप्त हुई है और आगे आने वाली पीढ़ी अंबेडकर की जीवनी को जाने और उनके मूल्यों को समझा जा सके, इस दिशा में यह एक अत्यंत सराहनीय प्रयास है विद्युत वरण महतो ने कहा कि आज के शुभ दिन में आइए हम सभी एक प्रण लें कि आने वाले समय में सभी भारतवासी एक होकर आगे बढ़ेंगे, संगठित रहेंगे और परस्पर सहयोग करके सबको बराबरी में लाने का प्रयास करेंगे. सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं उनके बारे में जाने दूसरों को भी बताएं और उन से लाभान्वित हों. समाज और राष्ट्र को उन्नति के पथ पर ले जाने के लिए शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है इसके महत्व को समझें और सबको शिक्षित होने का अवसर अवश्य दें.
उपायुक्त अमित कुमार ने कहा कि भारत सरकार के निर्देशानुसार सामाजिक न्याय दिवस का कार्यक्रम जिले की सभी पंचायतों में आयोजित किया जा रहा है जिससे कि बाबा साहब की सोच को जन-जन तक पहुंचाया जाए. उन्होंने कहा कि बाबा साहब के उद्गार थे कि राजनीतिक आजादी तथा स्वतंत्रता हमें सन 1947 में प्राप्त हो गई थी लेकिन सामाजिक एवं आर्थिक स्वतंत्रता के लिए हमें लगातार संघर्ष करना है. उपायुक्त ने कहा कि नया भारत बनाने के लिए भारत सरकार के द्वारा जो ग्राम स्वराज अभियान चलाया जा रहा है वह इस अत्यंत पुनीत तिथि से प्रारंभ होकर 5 मई तक अनवरत रूप से चलेगा. 21 दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम पूर्णतया गरीब कल्याण को समर्पित कार्यक्रम हैं. अभिवंचित वर्ग के हित के लिए योजनाओं को और सुविधाओं को विकेंद्रीकरण करने का कार्यक्रम है. उपायुक्त ने कहा कि मेरी अपील है कि इस कार्यक्रम में सभी वर्ग के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और गरीब कल्याण के लिए सरकार की जो कल्याणकारी योजनाएं हैं उन्हें जन-जन तक पहुंचाएं. विभिन्न योजना के जो लाभार्थी हैं वे अपने प्राप्त लाभों के बारे में अन्य लोगों को भी बताएं जिससे कि अधिक से अधिक लोग योजनाओं के विषय में जान सकें और उनसे लाभ उठा सकें.पूज्य बाबा साहब ने समाज के अभिवंचित वर्ग के लोगों को जो आशा दी है उसको साकार करने के लिए योजनाओं और सुविधाओं के विकेंद्रीकरण का जो निर्णय केंद्र सरकार द्वारा लिया गया है उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य रूप में परिणित करने के लिए पूरा जिला प्रशासन तत्पर है. सभी जिला वासियों को अंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं.
कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के बीजापुर से दिए जा रहे संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया.
इस अवसर पर झारखंड सरकार के खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री श्री सरयू राय, जमशेदपुर के सांसद श्री विद्युत वरण महतो, जिला परिषद की अध्यक्ष श्रीमती बुलु रानी सिंह, उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम श्री अमित कुमार, पूर्वी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त श्री बी. माहेश्वरी तथा अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित थे.

