जमशेदपुर।
जिले के पोटका पंचायत के कई मुखिया ने आज उपायुक्त से मिलकर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना सहित कई अन्य योजनाओं में गड़बडिय़ों की शिकायत की। उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में पोटका के मुखियाओं ने कहा कि पोटका प्रखंड में एसईसीसी डाटा इंट्री में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है। एक पंचायत के डाटा में दूसरे पंचायत के लोगों का नाम जुड़ा हुआ है। इसके अलावा कहीं एक ही परिवार के पांच लोगों का नाम जुड़ा हुआ है तो कहीं परिवार के एक भी सदस्य का नाम नहीं जुड़ा हुआ है। उन्होंने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित लोगों का नाम भी इसमें जोडऩे की मांग की।
उन्होंने पंचायतों में मोडेल प्राक्कलन द्वारा कार्य क राने की जगह योजना स्थल का भौतिक सत्यापन कर योजना का प्राक्कलन तैयार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामसभा में चयनित योजनाओं को ही पंचायत में कराने का निर्देश दिया जाए। ग्रामसभा से हटकर गाईडलाइन की बाध्यता को समाप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि गांव में कई बुजुर्ग ऐसे हैं जिनका ई-पोश मशीन फिंगर प्रिंट नहीं ले रहा है। इससे इन बुजुर्गो को खाद्यान्न से वंचित होना पड़ रहा है। ऐसे लोगों को बिना फिंगर प्रिंट के ही खाद्यान्न आवंटित करने का आदेश संबंधित दुकानदारों को दिया जाए। उपायुक्त से मिलने पोटका के मुखियाओं में रसुनचोपा ग्राम पंचायत के मुखिया संजय कुमार सरदार सहित कुलडीहा, हाथीबिन्धा सहित कई पंचायतों के मुखिया और ग्रामीण आए हुए थे।



