जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के मनीफीट इलाके की एक महिला ने ससुर ओमप्रकाश जायसवाल पर छेड़खानी व दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला के पिता (छत्तीसगढ़ निवासी) ने इसकी प्राथमिकी टेल्को थाने में दर्ज करा दी है। 1पीड़िता के पिता ने बताया कि बेटी की शादी 25 जनवरी 2014 को मनीफीट निवासी ओमप्रकाश जायसवाल के पुत्र के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ माह तक सबकुछ ठीक रहा। इसी बीच बेटी ने छत्तीसगढ़ फोन कर बताया कि उसके ससुर उसपर गंदी नीयत रखते हैं। एक दिन सूचना मिली कि उनकी बेटी के साथ ससुर ने छेड़खानी की है। इसके बाद बेटी ने टेल्को थाने में लिखित शिकायत की थी। बाद में लोक लिहाज के भय से दोनों पक्षों के बीच आपस में समझौता कर लिया गया। पीड़िता के पिता ने बताया कि तीन मार्च को बेटी ने अपनी मां को मोबाइल पर मैसेज किया कि ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। सूचना के बाद सोमवार को वे अन्य सदस्यों के साथ जमशेदपुर पहुंचे और पुत्री से मिलकर घटना की जानकारी ली। इसके बाद सभी टेल्को थाना पहुंचे और आरोपित के खिलाफ छेड़खानी व दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया। टेल्को थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित ससुर को हिरासत में लिया गया है।
