
काम आरम्भ नहीं करने वाले दर्जन भर संवेदकों को कारण बताओ नोटिस
जमशेदपुर। प्रगति पर चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा के क्रम में जेएनएसी के विशेष अधिकारी संजय कुमार ने सभी अभियंताओं तथा संवेदकों को स्पष्ट निदेश दिया कि पेवर्स ब्लॉक की मदद से बनने जा रही सभी सड़कों को 15 जून के पहले अनिवार्य तौर से पूर्ण करलें ताकि स्लम बस्तियों में बनने वाली इन सड़कों का लाभ वहाँ के नागरिकों को इसी बरसात में मिल सके और उन्हें कीचड की बजाय साफ़ सुथरा रास्ता मुहैया हो सके। समीक्षा के क्रम में सामने आया कि कुछ संवेदकों ने कार्यादेश के बावजूद या तो कार्य आरम्भ नहीं किया है या फिर काफी अधिक विलम्ब से शुरू किया है। जिन संवेदकों ने 15 दिन गुजरने के बाद भी कार्य आरम्भ नहीं किया है उन्हें कारण बताओ चेतावनी नोटिस दिया जा रहा है कि क्यों नहीं उनके बजाय किसी दूसरे संवेदक को कार्य आबंटित कर दिया जाए। अभियंताओं को भी साप्ताहिक प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध करवाने का निदेश दिया गया।

