
प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को जन प्रतिनिधियों के साथ होगी विकास समीक्षा बैठक
जमशेदपुर। जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि फ़रवरी माह में 115 विकास योजनाओं के लिए निकले टेंडर का निस्तारण करते हुए 7 अप्रैल को ही सभी को कार्य आबंटित कर दिया गया था। जिनमे से अधिकांश संवेदकों ने इकरारनामा कर कार्यादेश भी ले लिया है। यद्यपि उक्त कार्य में एक माह से अधिक का समय नहीं लगना चाहिए था किन्तु 22 फ़रवरी से 14 मार्च तक चले सघन स्वच्छता सर्वेक्षण तथा अभियंताओं की कमी के कारण उक्त कार्य में 10 से 15 दिन विलम्ब हुआ किन्तु आगे गति को बनाये रखा जायेगा। इसके लिए हर माह की अंतिम शनिवार को सांसद प्रतिनिधि और सभी विधायक प्रतिनिधियों के साथ योजनाओं से जुड़े अभियंताओं की मौजूदगी में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक होगी। संवेदकों की समस्याओं को लेकर हेल्प डेस्क तथा शिकायत पेटिका की व्यवस्था होगी ताकि उनकी समस्याएं नियमित रूप से विशेष पदाधिकारी तक पहुँच सकें। कार्यपूर्णता में अकारण देरी करने वाले संवेदकों पर अर्थ दंड के साथ साथ आगामी निविदाओं के लिए अपात्र घोषित किया जायेगा। जल्द ही टोल फ्री नंबर जारी किया जायेगा जिसमे आम नागरिक भी विकास योजनाओं से जुडी प्रगति, गुणवत्ता आदि से जुडी शिकायतों को निकाय प्रशासन तक पहुंचा सकें। दो अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति हेतु उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को तथा टाउन प्लानर हेतु नगर विकास विभाग के पास पहले ही निवेदित कर दिया गया है

