
● भाजपा ज़िलाध्यक्ष ने कहा, सीएम ने जो कहा किया।
● रघुवर सरकार के लिए ‘आदिवासी समाज’ राजनीति का नहीं बल्कि सेवा और गर्व का विषय है : दिनेश


जमशेदपुर के करनडीह में जल्द ही भव्य फ़ुटबॉल स्टेडियम बनेगा। इस आशय की स्वीकृति पर्यटन,कला संस्कृति खेलकूद एवं युवकार्य विभाग द्वारा दे दी गयी है। करनडीह क्षेत्र में युवाओं के बीच फ़ुटबॉल के प्रति तन्मयता एवं अभिरुचि को देखते हुए वर्ष 2015 में ही सूबे के मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने करनडीह में आदिवासी समाज के एक समारोह में स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। सीएम के इस घोषणा के उपरांत ज़िले के उपायुक्त एवं खेल मंत्रालय ने औपचारिकताएं पूर्ण कर ली हैं। वहीं जल्द ही स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी। ज्ञातव्य हो कि इस कार्ययोजना के लिए 4.64 करोड़ रुपये के स्वीकृत्यादेश मिले हैं। इस आशय पर रविवार शाम बयान जारी करते हुए भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि रघुवर सरकार सबके विकास को कटिबद्ध है। कहा कि आदिवासी युवाओं को रघुवर सरकार ने बेहतरीन सौगात दिया है। प्रतिभा निखारने के अलावे प्रशिक्षण के लिए भी यह स्टेडियम उपयोगी साबित होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष ने स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति देने के लिए सूबे के मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास एवं खेल मंत्री श्री अमर बाउरी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त किया है। वहीं तेज़ी से विभागीय अनुशंसा समेत अन्य औपचारिकताएं पूरा करने के लिए ज़िले के उपायुक्त श्री अमित कुमार के प्रति भी आभार जताया है। इसी बहाने भाजपा जिलाध्यक्ष ने झारखण्ड मुक्ति मोर्चा पर भी सीधा हमला बोला। कहा कि उक्त क्षेत्र में जेएमएम के कई बड़े नेताओं की सक्रियता रहती है। वर्षों तक सत्ता सुख भोगने के बावजूद भी जेएमएम नेताओं ने कभी आदिवासी युवाओं के लिए नहीं सोचा। बदले में वहाँ के स्थानीय आदिवासी समाज को मुख्यधारा और सरकार की उल्लेखनीय नीतियों से वंचित रखने का हर संभव प्रयास किया। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि रघुवर सरकार के लिए ‘आदिवासी समाज’ राजनीति का नहीं बल्कि सेवा और गर्व का विषय है। जबकि झारखण्ड नामधारी कुछ पार्टियों ने आदिवासी समाज को मात्र वोटबैंक के रूप में उपभोग किया। कहा कि सीएम रघुवर दास के कुशल नेतृत्व में झारखण्ड तेज़ी से बदल रहा है और आगे बढ़ रहा है।

