
जमशेदपुर।


उपायुक्त अमित कुमार ने जिले के इमाम एवं मस्जिद के अध्यक्ष एवं सचिव के साथ आज समाहरणालय सभागार में बैठक की. बैठक में उपस्थित मौलवी और इमाम द्वारा कुछ सुझाव दिए गए. अखाड़े के दौरान वॉलंटियर को ID कार्ड उपलब्ध कराए जाएं, बाइकर्स और उनके द्वारा किए जाने वाले स्टंट पर खास तौर पर नजर रखी जाए, संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की जाए, धार्मिक स्थलों के सामने रामनवमी जुलूस के दौरान स्ट्रीट लाइट बंद रहती है इन्हें चालू रखने के लिए जनरेटर इत्यादि के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराएं ताकि असामाजिक तत्व अंधेरे का फायदा ना उठा सके.
उपायुक्त अमित कुमार ने कहा कि सभी मुद्दों पर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं. और आप के द्वारा जो भी बातें सामने आई हैं जिला प्रशासन द्वारा उसे संज्ञान में लेकर कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन द्वारा संध्या 8:00 बजे तक विसर्जन जुलूस को पूरा करने का आदेश दिया गया है. उपायुक्त अमित कुमार ने सभी इमामों से कहा कि आप अपने स्तर से यह सुनिश्चित कराएं कि अखाड़े के दिन अपने अपने कामों में व्यस्त रहें और चौक चौराहे पर कोई अड्डेबाजी ना करें. विसर्जन जुलूस के वापसी के समय भी प्रशासन द्वारा खास तौर पर ध्यान रखा जाएगा कि अनुशासनबद्धता बनी रहे. उपायुक्त ने कहा कि यदि आपको कहीं अप्रिय घटना की सूचना मिलती है तो प्रशासन और पुलिस को तुरंत सूचित करें, कानून को हाथ में ना लें. प्रशासन को सूचना दे और अफवाह पर खास तौर पर ध्यान ना दें. उपायुक्त अमित कुमार ने कहा कि अपने स्तर से सभी को अमन और भाईचारे का संदेश दें ताकि आगामी प्रत्येक पर्व को हम सब मिलजुलकर शांतिपूर्वक और आपसी सौहार्द्र के साथ मना सकें.

