
प्रथम चरण में निजी भवनों पर लगे सभी प्रकार के वाणिज्यिक होर्डिंग हटाएगा जेएनएसी
जमशेदपुर। “होर्डिंग फ्री इंदौर” की तर्ज पर जमशेदपुर को भी यत्र तत्र होर्डिंग और कट आउट आदि से मुक्त कर व्यवस्थित शहर बनाने की कवायद शुरू हो चुकी है। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति ने इस काम के लिए एजेंसी चुनने हेतु पिछले माह इच्छा की अभिव्यक्ति आमंत्रित की थी। अब एजेंसी चयन के उपरांत प्रथम चरण में ऐसे सभी अवैध होर्डिंग को ध्वस्त/ हटाया जा रहा है जो बिना अनुमति निजी भवनों पर लगाए हुए हैं। इनसे न केवल शहर अस्त व्यस्त दिखता है बल्कि बल्कि कई बार ये दुर्घटना का कारण भी बनते हैं। विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि होर्डिंग अधिष्ठापन के लिए सशुल्क अनुमति देने का एकाधिकार सिर्फ नगर निकाय को है किन्तु मामला प्रकाश में आया है कि जमशेदपुर में कारपोरेट कंपनियां भी जेएनएसी से प्राधिकार हासिल किये बगैर ही अपने स्तर पर विज्ञापन शुल्क लेकर होर्डिंग लगाने की अनुमति जारी कर रही हैं। इससे न केवल निकाय के समक्ष दुविधा की स्थिति उत्पन्न हो रही है बल्कि सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। शहर भर में बड़ी संख्या में लगे अवैध होर्डिंग्स को हटाने के लिए आगामी एक वर्ष तक तीन चरणों में अभियान चलना है, जिसके प्रथम चरण में शहर में निजी भवनों के ऊपर लगे ऐसे सभी होर्डिंग हटाए जा रहे हैं जो न केवल शहर को अस्त व्यस्त बना रहे हैं बल्कि राजस्व का नुकसान करने के साथ साथ दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं।

