
______________


कोडरमा।डोमचांच.रेफरल अस्पताल में रविवार की सुबह जनरल वार्ड की जर्जर हो चुकी छत का मलबा टूटकर गिरने से इलाज कराने आई बरहमसिया निवासी अनिसा खातून की दो वर्षीय पुत्री आशमा बाल बाल बच गई।
जानकारी अनुसार बरहमसिया निवासी अनिसा खातून दो दिनाें से अस्पताल में भर्ती हो कर अपना पेट दर्द का इलाज करवा रही थी। शनिवार की रात दो वर्षीय पुत्री आशमा अपनी मां के साथ उसी बेड पर सोई थी। रविवार की सुबह 6 बजे के आस-पास अनिसा शौच के लिए बाहर निकली। इसी बीच आशमा की नींद भी खुल गई तथा अपनी मां को समीप देख बेड के दूसरे किनारे पर गई। इस दौरान अचानक बेड पर छत मलबा टूटकर गिरा
इसका एक टुकड़ा आशमा के माथे पर लगा। इसमें अाशमा को मामूली चोट आई और वह बाल बाल बच गई। घटना के वक्त अस्पताल में अन्य कई मरीज मौजूद थे। रेफरल चिकित्सा प्रभारी पद्मेश्वर मिश्रा ने बताया कि अस्पताल के अधिकांश हिस्से की छत जर्जर हो चुकी है। इस संबंध में विभाग को लिखित मौखिक जानकारी दे दी गई है। साथ ही उन्होंने बताया कि अस्पताल के जीर्णोद्धार के लिए विभाग द्वारा सर्वे भी कराया गया है लेकिन आज तक कार्य चालू नहीं हुआ। उल्लेखनीय है कि 15 दिनाें पूर्व उपायुक्त संजीव कुमार बेसरा ने रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान मौके पर मौजूद मरीजों ने अस्पताल भवन की जर्जर अवस्था समेत शौचालय पानी की व्यवस्था की मांग की थी।

