
गम्हरिया


औद्योगिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड, प्लांट एक में शुक्रवार को बोनस मुद्ये पर प्रबंधन तथा रामकृष्णा फोर्जिंग्स श्रमिक संघ के सदस्यों के बीच बैठक आयोजित की गई। सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई बैठक में सभी कामगारों को इस वर्ष 20 प्रतिशत बोनस देने पर सहमति बनी। दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते के तहत कंपनी के कर्मचारियों को न्यूनतम 30,236 रुपये तथा अधिकतम 43,994 रुपये बोनस के तौर पर मिलेगा। विदित है कि आदित्यपुर व गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र की यह प्रथम कंपनी है जिसमें बोनस समझौता सम्पन्न हुआ है। समझौता पत्र पर प्रबंधन की ओर से कंपनी के प्लांट एक हेड बाला मुरली कृष्णा, एचआर उपाध्यक्ष एसपी सेनापति, एचआर महाप्रबंधक मनोहर पाण्डेय, एचआर प्रबंधक रिन्टू मुखर्जी ने हस्ताक्षर किया जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष जय नारायण शर्मा, उपाध्यक्ष सुरेन्द्र साव, महासचिव डीएन सिंह, कोषाध्यक्ष अच्छे लाल यादव, तारकेश्वर यादव, मैनेजर यादव, उमाशंकर बोस, दिनेश राम व संजय प्रसाद आदि ने हस्ताक्षर किया।

