
कंपनी पर कारखाना अधिनियम के उल्लंघन के मामले में कार्यवाई की माँग
● भोजपुरी नवचेतना मंच के नेता अप्पू तिवारी के नेतृत्व में फैक्ट्री इंस्पेक्टर से मिला प्रतिनिधिमंडल
जमशेदपुर।
गोविंदपुर स्थित स्टील स्ट्रिप व्हील्स लिमिटेड कंपनी में दिनों दिन मज़दूरों के दुर्घटनाग्रस्त होने के बढ़ते मामले पर गंभीरता दिखाते हुए भोजपुरी नवचेतना मंच ने इस मामले से जिले के कारखाना निरीक्षक को अवगत कराते हुए त्वरित कार्यवाई की माँग की है। शुक्रवार को मंच के नेता अप्पू तिवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कारखाना निरीक्षक से मिलकर शिकायत पत्र सौंपते हुए स्टील स्ट्रिप व्हील्स कंपनी प्रबंधन पर उचित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज़ करने की माँग की। शिकायत पत्र में पिछले दिनों कंपनी में काम के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए श्रमिकों की सूची सौंपते हुए उन्हें उचित मुआवजा दिलाने तथा आश्रितों को प्रावधान के अनुसार नौकरी दिलाने का आग्रह किया। भोजपुरी नवचेतना मंच के नेता अप्पू तिवारी ने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कंपनी में श्रम कानूनों का उल्लंघन और मज़दूरों का शोषण चरम पर है। सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि कंपनी में होने वाली दुर्घटनाओं की जानकारी संबंधित सरकारी अधिकारियों तक नहीं दी जाती और घायल मज़दूरों को भी मुँह बंद रखने के लिए धमकाया जाता है। मंच के शिकायत पर कारखाना निरीक्षक ने उचित कार्यवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस शिकायत के आधार पर जाँच शुरू कर दी जाएगी एवं दोषी पाए जाने पर स्टील स्ट्रिप व्हील्स कंपनी प्रबंधन पर उचित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज़ होगी। ज्ञापन सौंपने पहुँचे प्रतिनिधिमंडल में भोजपुरी नवचेतना मंच के अप्पू तिवारी, मनीष सिंह चौहान, शशि सिंह राजपूत, नीरज दूबे, निशांत मिश्रा,अभिषेक ओझा,महावीर सिंह,विकाश तिवारी,विनय सिंह, प्रवीण प्रसाद,अखिल पांडेय,कृष्णा सिंह अभय पांडेय, समेत अन्य मौजूद थे।

