
बकरीद के पहले साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल आदि सुविधाओं का लिया जायजा
कुर्बानी के लिहाज़ से प्रतिबंधित पशुओं के संग्रह, परिवहन व ख़रीद बिक्री पर है कड़ी नज़र : संजय कुमार
जमशेदपुर। कार्यपालक दंडाधिकारी संजय कुमार ने मानगो पुलिस के साथ यहाँ के दर्जन भर इलाकों में शुक्रवार सुबह से दोपहर 12 बजे तक सघन पेट्रोलिंग की। जहाँ एक ओर विभिन्न ईदगाह और नमाज़ स्थलों के आस-पास साफ सफाई, प्रकाश, पेयजल आदि व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया वही दूसरी ओर लोगों को समझाते हुए बताया गया कि किसी भी प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी देने के बारे में भूलवश सोचें भी नहीं, क्यूंकि ऐसा करना न केवल दूसरे धर्म की भावनाओं के विरुद्ध है बल्कि कानूनन एक संज्ञेय अपराध भी है। कहा कि चूँकि प्रशासन, पुलिस, शांति-समिति और यहाँ तक कि कुछ मस्जिद कमेटियों की तरफ से भी प्रतिबंधित श्रेणी के जानवरों की कुर्बानी नहीं देने को लेकर लगातार अपील करते हुए सतत जागरूकता अभियान चलाया गया, इसलिए उन्हें पूरी उम्मीद है कि मानगो के लोग कानून का पालन करते हुए ही बकरीद का पर्व पूरे सौहार्द्र और शांति के साथ मनाएंगे। परन्तु फिर भी एहतियात के तौर पर प्रतिबंधित पशुओं के संग्रह, परिवहन व ख़रीद बिक्री पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। इस बीच गुप्त सूचना के आधार पर जवाहर नगर क्षेत्र में एक घर का ताला खुलवाकर मौजूद पशुधन के बारे में उन्होंने मकान मालिक से गहन पूछताछ भी की। नमाज़ परिसरों के आसपास ससमय और समुचित साफ सफाई हो जाने से कई मस्जिद कमेटियों के पदाधिकारियों ने मानगो अक्षेस का खुलकर आभार व्यक्त किया। आज के उक्त गस्ती अभियान में दंडाधिकारी सह विशेष पदाधिकारी संजय कुमार के अलावा मानगो के पुलिस निरीक्षक अरुण कुमार माहथा,उप निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह, उप निरीक्षक शम्भू नाथ सिंह, उप निरीक्षक अशोक कुमार सिंह , सहायक उप निरीक्षक जवाहर लाल , सहायक उप निरीक्षक पवन कुमार गुप्ता के अलावा पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी की मौजूदगी रही ।

