
जमशेदपुर। 07 जूलाई
फ्यूज़न फोल्क्स द्वारा कल दिनांक 8 जुलाई को बहुप्रतीक्षित “वर्षा मंगल” कार्यक्रम का आयोजन “लोयोला ऑडिटोरियम” में किया जा रहा है। इसमे देश के विख्यात शास्त्रीय गायक एवं संगीत गुरु पंडित श्री अजॉय चक्रवर्ती अपनी गायन कला की छटा बिखेरेंगे।
पंडित श्री अजॉय चक्रवर्ती पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों के विजेता हैं , इनमे पद्म श्री (2011), राष्ट्रीय तानसेन सन्मान (2015) संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार (1999 -2000), कुमार गंधर्व सन्मान (1993) और 1989 में सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्वगायक के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार शामिल हैं। इन्हे पश्चिम बंगाल सरकार से “महा संगीत सम्मान” एवं “बंग विभूषण” सम्मान से नवाजा जा चुका है।
इसी कार्यक्रम के अंतर्गत कोलकाता के नामी “सृजक” नृत्य समूह द्वारा नृत्य कार्यक्रम “श्रद्धांजलि” प्रस्तुत की जायेगी, इस नृत्य नाटिका की पटकथा जमशेदपुर के प्रसिद्ध उद्घोषक श्री सब्यसाची चंद जी की लिखी हुयी है।
पिछले दिनों “बिरसा मुंडा टाउन हॉल,सिदगोड़ा” में सम्पन्न हुए संगीत स्पर्धा के सफल प्रतियोगियों को इसी कार्यक्रम के मध्य प्रमाणपत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जायेगा।
फ्यूजन फोल्क्स संगीत, नृत्य और अन्य सभी कला रूपों को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया एक ट्रस्ट है। इसका एकमेव उद्देश्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, त्योहारों, प्रतियोगिताओं और मंचन के माध्यम से सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। फ्यूजन फोल्क्स इस तरह के कलाकारों और कारीगरों के आर्थिक उत्थान के लिए काम कर रही है जो विलुप्त होने की स्थिति में हैं। इन्हें विभिन्न अवसरों पर अपने कौशल का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच प्रदान करके की शुरुआत की जा रही है।

