
● सड़क निर्माण में शिथिलता बरतने पर टाटा मोटर्स के सीएसआर अधिकारी को उपायुक्त ने किया तलब
● गुरुवार को सड़क निर्माण के प्रोग्रेस रिपोर्ट संग उपस्थित होने को कहा
● दुर्गा पूजा से पहले उद्घाटित होगी साकची में दुकानदारों के लिए बनीं वेंडिंग ज़ोन
जमशेदपुर।
जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार संग शहर के विभिन्न इलाकों के प्रमुख समस्याओं के संदर्भ में उपायुक्त अमित कुमार से मुलाक़ात की। इस दौरान छोटा गोविंदपुर की जर्जर सड़क और साकची के वेंडर्स ज़ोन के मामलों पर प्रमुखता से चर्चाएँ हुई। टाटा मोटर्स द्वारा छोटा गोविंदपुर में अन्ना चौक से रेलवे फ़ाटक तक कि सड़क के निर्माण में बरती जा रही शिथिलता पर सांसद ने चिंता व्यक्त किया। फ़ौरन ही उपायुक्त अमित कुमार ने टाटा मोटर्स प्लांट हेड संपत कुमार से दूरभाष पर बात कर सड़क निर्माण की प्रगति के आशय की जानकारी ली। संतोषजनक ज़वाब ना मिलने पर टाटा मोटर्स के सीएसआर अधिकारी को सड़क निर्माण के प्रोग्रेस रिपोर्ट संग गुरुवार को अपने कार्यालय में हाज़िर होने का निर्देश दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद टाटा मोटर्स द्वारा अबतक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। कंपनी स्पष्ट करें अन्यथा भाजपा आंदोलन का रुख करेगी। इसके अलावे टाटा कमिंस गेट से जेम्को चौक तक कि बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी कंपनियों के माध्यम से पूजा पूर्व दुरुस्त कराने की बात रखी। उपायुक्त ने कंपनियों को जल्द निर्देश देकर लाइटें दुरुस्त करा लेने का भरोसा दिया। सांसद विद्युत वरण महतो ने जुबली पार्क गेट के नज़दीक ठेलों पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों के लिए बन रहे वेंडिंग ज़ोन के विषय मे जानकारी ली और दुर्गोत्सव से पूर्व उसके शुरू करने को कहा। उपायुक्त ने कहा कि जल्द ही सारी तैयारियां पूरी कर ली जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि दुर्गा पूजा से पूर्व वेंडिंग ज़ोन शुरू करने को लेकर लगातार सांसद एवं भाजपा जिलाध्यक्ष से ठेला संचालक दुकानदार मिलकर आग्रह कर रहे थें। वहीं भाजपा के साकची मंडल की बैठक में भी भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी जिलाध्यक्ष से इस दिशा में पहल करने की माँग की गयी थी। घोड़ाबांधा पंचायतों में सोलर लाईट एवं एलईडी लाइटों के अधिष्ठापन में हुए अनियमितता और घोटालों पर भी कार्यवाई करने की माँग भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अंकित आनंद ने की। उपायुक्त ने बताया कि उक्त मामलों में जाँच कराई जाएगी एवं दोषी पर कार्यवाई की अनुशंसा होगी। इस दौरान उपायुक्त से मिलने वालों में जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो संग भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, एवं जिला मीडिया प्रभारी अंकित आनंद मौजूद थें।

