जमशेदपुर।
प्रकाश में आया है कि शहरी निकायों के नियंत्रण क्षेत्र में बने कुछ भवनों के निर्माण से पूर्व किसी प्राधिकार से नक़्शे की स्वीकृति प्राप्त नहीं की गयी है। इस प्रकार के निर्माण से न केवल पर्यावरण सम्बन्धी समस्या बल्कि जानमाल का खतरा भी बना रहता है , साथ ही सरकारी राजस्व की क्षति भी होती है। अतः ऐसे अनधिकृत भवनों के नियमितीकरण हेतु आवश्यक सूचनाएं संग्रहीत करने के दृष्टिकोण से विभागीय स्तर पर पहल की गयी है। ताकि अनधिकृत निर्माण से जुड़े विभिन्न तकनीकी, सामाजिक एवं आर्थिक पहलुओं की विवेचना की जा सके। उसी के आलोक में मानगो क्षेत्र के ऐसे अनधिकृत भवन स्वामियों के समक्ष भी एक अवसर है कि वे अपने भवन सम्बन्धी सूचनाएँ मानगो अक्षेस कार्यालय में 15 अगस्त के पूर्व विहित प्रपत्र में आवेदित करें। विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि आवेदन प्रपत्र मानगो अक्षेस कार्यालय से उपलब्ध कराया जायेगा , जिसे भरकर वापस अक्षेस कार्यालय में ही जमा करना होगा। उक्त प्रपत्र udhd.jharkhand.gov.in से भी डाउनलोड किया जा सकता है।


