चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने नक्सलियों की एक बड़ी योजना का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने चाईबासा जेल ब्रेक की एक बड़ी योजना को विफल कर दिया है. इस मामले में जेल में तैनात तीन सुरक्षाकर्मियों और गुवा के मजदूर नेता रमा पांडे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.पुलिस अधीक्षक क्रांति कुमार गड़देशी ने सोमवार को चाईबासा में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मामले में और भी कुछ लोगों के संलिप्त होने की बात सामने आयी है, जिसकी जांच की जा रही है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नक्सलियों द्वारा जेल के सुरक्षा गार्डों को 10 लाख रुपए देकर जेलब्रेक कराया जाना था. इसके लिए रामा पांडे के द्वारा जेल के सुरक्षा गार्डों को 4 लाख बतौर पेशी भी दिया गया था.
पुलिस को इस मामले की सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद से पुलिस ने इस पर तत्परता दिखाते हुए तीनों एक्स आर्मी मैन वर्तमान में जेल सुरक्षा गार्ड विजय खालको, चामू मुंडा और जुएल होरो सहित मजदूर नेता गुवा निवासी रामा पांडे को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 2011 और 2014 में हुए जेल ब्रेक में भी ये तीनों सुरक्षा गार्ड चाईबासा जेल में ही पदस्थापित थे.


