
जमशेदपुर


वीमेंस कॉलेज के तृतीय ग्रेजुएशन डे का वर्चुअल आयोजन आज सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। वीमेंस काॅलेज के आडियो विजुअल रूम में प्रोजेक्टर पर पूरे कार्यक्रम का लाईव प्रसारण किया गया। कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर गंगाधर
पण्डा, प्रति कुलपति प्रोफेसर अरुण कुमार सिन्हा, कुलानुशासक डॉ. ए. के. झा, कुलसचिव प्रोफेसर जयंत शेखर भी इस अवसर पर उपस्थित रहे और छात्राओं व शिक्षक-शिक्षिकाओं को सफल आयोजन की बधाई दी। सभी पदाधिकारीगण ने कार्यक्रम को संबोधित भी किया। स्वागत वक्तव्य कोल्हान विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति सह वीमेंस कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर (डॉ.) शुक्ला महांती ने दिया। संचालन डाॅ. अविनाश कुमार सिंह ने किया। वेबसाइट, यूट्यूब, फेसबुक सहित ईटीवी भारत पर कार्यक्रम को 11 बजे से लाईव गया जिसे देश-विदेश से पूर्ववर्ती छात्राओं, अभिभावकों व शिक्षक शिक्षिकाओं ने देखा। झारखण्ड की राज्यपाल सह राज्य विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी ने अपने ग्रेजुएशन डे अभिभाषण में कहा कि उच्च शिक्षा में जेंडर पैरिटी इंडेक्स की दृष्टि से झारखंड की स्थिति ठीक है। स्त्री शिक्षा को और भी प्रतिस्पर्धी बनाने की जरूरत है। यह वीमेंस कॉलेज पहले से ही बेहतर शिक्षा देने में अग्रसर रहा है, जल्दी ही विश्वविद्यालय के रूप में यह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नयी ऊंचाईयों तक ले जाएगा। कुलपति प्रोफेसर गंगाधर पण्डा ने कहा कि यह काॅलेज निश्चित रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यहां से शिक्षा पाने वाली छात्राएँ अपने देश में रहकर अपने अर्जित ज्ञान से समाज और राष्ट्र की सेवा को प्राथमिकता दें। इस अवसर पर काॅलेज में परीक्षा नियंत्रक डाॅ रमा सुब्रमण्यम, सभी संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष व सहयोगी स्टाफ उपस्थित रहे। तकनीकी सहयोग ज्योतिप्रकाश महांती, के प्रभाकर राव व तपन कुमार मोदक ने किया।

