
वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह में टाटा स्टील ने जीते 14 पुरस्कार


जमशेदपुर,।
वेस्ट बोकारो डिवीजन, टाटा स्टील ने सीसीएल के कुजु के अरा कोलियरी ग्राउंड में आयोजित 58वें वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह-2015 (रांची-कोडरमा क्षेत्र) के समापन समारोह में 14 पुरस्कार जीते।
क्वैरी एबी ने स्टैंडर्ड वर्किंग में प्रथम पुरस्कार समेत पांच पुरस्कार जीते, जबकि क्वैरी साउथ ईस्ट ओपन कास्ट माइन ने तीन पुरस्कार जीते। इसके अलावा, व्यक्तिगत श्रेणी में डिवीजन के कर्मचारियों ने छह पुरस्कार जीते।
इस उपलब्धि पर अपने विचार प्रकट करते हुए श्री संजय रजोरिया ने कहा कि टाटा स्टील द्वारा जीते गये ये पुरस्कार खनन संचालनों में सुरक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। खनन बिरादरों द्वारा पिछले वर्षों के दौरान ज्ञान और सर्वश्रेष्ठ अभ्यासों के परस्पर आदान-प्रदान ने हमारे सुरक्षा प्रदर्शन को बेहतर बनाने मंे काफी योगदान दिया है। हम अपने क्षेत्र में सुरक्षा के उच्चतर मानकों को हासिल करने के लिए अन्य खननकर्ताओं के साथ कार्य-व्यवहार जारी रखेंगे।
ज्ञात हो कि कार्यस्थल में सुरक्षा का संदेश प्रसारित करने और खान कर्मियों के बीच सुरक्षित उत्खनन अभ्यासों की आदत पैदा करने करने के लिए खान महानिदेशालय (डीजीएमएस), श्रम व नियोजन मंत्रालय के तत्वावधान में रांची-कोडरमा क्षेत्र के सभी खनन संचालनों द्वारा वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता है।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सुरक्षित कार्याभ्यासों को बेहतर बनाने के लिए सभी खान मालिकों व कर्मचारियों को शामिल कर खदानों और खान उद्योग की दुर्घटनाओं में महत्वपूर्ण कमी लाना है। डीजीएमएस के अधिकारियों एवं खान प्रबंधनों के सहयोगात्मक प्रयासों से पिछले दशक के दौरान खान उद्योग में दुर्घटनाओं की संख्या में महत्वपूर्ण कमी आयी है।
इस अवसर पर श, सेंट्रल ऐंड साउथ ईस्ट जोन डीजी पी रंगनाथेश्वर, समारोह के मुख्य अतिथि थे। समारोह में श्री पी के तिवारी, डायरेक्टर, टेक्निकल (आॅपरेशंस), सीसीएल, श्री संजीवन रे, डिपुटी डीजी, सेंट्रल जोन, श्री एस चंद्रा, डायरेक्टर प्लानिंग ऐंड प्रोजेक्ट, श्री संजय रजोरिया, जीएम, वेस्ट बोकारो, टाटा स्टील, श्री एन के गुप्ता, चीफ, क्वैरी ईस्ट, श्री वरूण बनर्जी, हेड, आॅपरेशंस, क्यूएसई, श्री मृणाल भद्रा, हेड, आॅपरेशन, क्वैरी एबी, श्री मोहन महतो, प्रेसिडेंट, श्री निरंकुश मिश्रा, सेक्रेट्री राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ समेत वेस्ट बोकारो के अन्य अधिकारी एवं यूनियन पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

