
जमशेदपुर। सिदगोड़ा सूर्य मंदिर कमिटी की ओर से आस्था के महापर्व छठ पूजा पर छठव्रतियों के लिए प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी लागत मूल्य पर फल एवं पूजन सामग्री उपलब्ध कराया जाएगा। सूर्य मंदिर कमिटी के अध्यक्ष संजीव सिंह द्वारा रविवार शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि सोमवार और मंगलवार को फल एवं पूजन सामग्री के इक्षुक व्यक्ति सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक सूर्य मंदिर परिसर से कूपन प्राप्त कर सकते हैं। गुरुवार सुबह 9 बजे से 1 बजे के बीच पूजन सामग्री वितरित करने का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सूर्य मंदिर कमिटी द्वारा प्रत्येक वर्ष छठव्रतियों के लिए पूजन सामग्री (नारियल, गन्ना, पानीफल, अमरूद, गागर नींबू, सेव, संतरा, केला, पूजन सामग्री, दीया बाती व अन्य) लागत मूल्य पर उपलब्ध कराया जाता है। वहिं, कमिटी द्वारा जरूरतमंद परिवारों को चिन्हित कर निःशुल्क पूजन सामग्री भेंट की जाती है। संजीव सिंह ने अपील की है कि कूपन एवं पूजन सामग्री प्राप्त करते समय सभी लोग जिला प्रशासन द्वारा कोविड 19 के मद्देनजर जारी निर्देशों का पालन करें। बिना फेस मास्क के किसी भी व्यक्ति को कूपन नहीं दिया जाएगा। कहा कि सूर्य मंदिर कमिटी जिला प्रशासन द्वारा जारी कोविड 19 के दिशानिर्देशों का अनुपालन करने को संकल्पबद्ध है।



