
आदित्यपुर,।
दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (Railway GM) अनिल कुमार मिश्रा ने मंगलवार को अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान आदित्यपुर रेलवे स्टेशन निरीक्षण किया। यह दौरा चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले प्रमुख स्टेशनों के व्यापक निरीक्षण का हिस्सा था। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने के लिए आदित्यपुर स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
जीएम अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि भविष्य में कई लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव आदित्यपुर स्टेशन पर सुनिश्चित किया जाएगा। इससे टाटानगर स्टेशन पर भीड़ कम होगी और यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेगा। उन्होंने कहा कि आदित्यपुर अब केवल एक उपनगरीय स्टेशन नहीं, बल्कि आने वाले समय में एक महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन के रूप में उभरेगा।
Read More:Adityapur News :आदित्यपुर स्टेशन की अनदेखी पर झारखण्ड चेतना मंच का अल्टीमेटम, 10 दिन में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन
यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान जीएम ने नवनिर्मित स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर और पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिव्यांग यात्रियों और बुजुर्ग नागरिकों के लिए लिफ्ट, रैंप और एस्केलेटर का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने, शेल्टर शेड, एलईडी डिस्प्ले बोर्ड, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, वेटिंग हॉल, वाई-फाई और सीसीटीवी कैमरा जैसी आधुनिक सुविधाएं बढ़ाने पर भी जोर दिया।
Read More :Adityapur News :आदित्यपुर स्टेशन से दो यात्री ट्रेनों की शुरुआत, स्थानीय लोगों में खुशी की लहर
थर्ड लाइन परियोजना की समीक्षा
रेल जीएम ने टाटानगर रेलवे यार्ड और थर्ड लाइन प्रोजेक्ट की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तीसरी लाइन निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि क्षेत्र में रेल यातायात की क्षमता बढ़ सके और ट्रेनों की लेटलतीफी कम हो।
यह परियोजना पूरी होने के बाद चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों का परिचालन अधिक सुचारु होगा और मालगाड़ियों के संचालन में भी तेजी आएगी।
सैटेलाइट स्टेशन बनने की तैयारी
जीएम ने कहा कि आदित्यपुर स्टेशन को टाटानगर का सैटेलाइट स्टेशन बनाया जा रहा है, जहां से कई एक्सप्रेस और मेल ट्रेनों का संचालन होगा। इससे यात्रियों को समय की बचत होगी और स्टेशन पर भीड़ का दबाव कम होगा।
इस अवसर पर डीआरएम तरुण कुमार हुरिया, वरिष्ठ मंडल अधिकारी, इंजीनियरिंग और परिचालन विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।


