जमशेदपुर।
दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) के चक्रधरपुर मंडल में तैनात स्टेशन मास्टर ने अपनी सूझबूझ और सतर्कता से एक बड़े रेल हादसे को टाल दिया। रेलवे परिचालन में उत्कृष्ट सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा दिखाने के लिए मंडल रेल प्रबंधक (DRM) तरुण हुरिया ने मंगलवार (10 नवंबर 2026) को सोनाखान (SXN) स्टेशन पर कार्यरत स्टेशन मास्टर आदित्य पांडेय को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। उनकी इस त्वरित कार्रवाई की पूरे मंडल में सराहना हो रही है।
READ MORE :JHARKHAND RAIL NEWS: छठ पर टाटानगर-छपरा समेत 5 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, झारखंड-बिहार के यात्रियों को मिलेगी राहत
रात के अंधेरे में मालगाड़ी से निकल रही थीं आग की लपटें
यह घटना 7 नवंबर 2026 की रात की है।रात्रि 23:36 बजे स्टेशन मास्टर आदित्य पांडेय अपनी ड्यूटी पर थे।इसी दौरान वहां से गुजर रही एक खाली मालगाड़ी के 18वें वैगन के एक्सल के पास से उन्हें आग की लपटें निकलती हुई दिखाई दीं।स्थिति की गंभीरता को तत्काल समझते हुए उन्होंने बिना समय गंवाए ड्यूटी पर तैनात पॉइंट्समैन को इसकी सूचना दी और रेत (Sand) की सहायता से आग बुझाने का सख्त निर्देश दिया।
तकनीकी जांच के बाद वैगन को किया गया अलग
आग बुझाने के साथ ही स्टेशन मास्टर ने संबंधित विभाग के कर्मचारियों को भी तत्काल सूचित कर दिया, ताकि आवश्यक तकनीकी कार्रवाई की जा सके। सूचना मिलते ही तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित वैगन का निरीक्षण किया। जांच में वैगन में तकनीकी खराबी पाए जाने के बाद उसे मालगाड़ी से अलग करने के लिए आवश्यक मेमो जारी किया गया और नियमानुसार ट्रेन को सुरक्षित आगे रवाना किया गया।
READ MORE :DHANBAD-GAYA NEWS: धनबाद, गया और शेखपुरा से दिल्ली के लिए चलेंगी 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, नवंबर तक मिलेगा लाभ
DRM ने सराही कर्तव्यनिष्ठा
स्टेशन मास्टर आदित्य पांडेय की इस असाधारण सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और रेल संरक्षा के प्रति समर्पण को देखते हुए चक्रधरपुर के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) तरुण हुरिया ने उन्हें सम्मानित किया। चक्रधरपुर मंडल ने उनके इस सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सजगता रेलवे परिचालन में सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।

