
जमशेदपुर: शिक्षा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान देने वाले शिक्षकों और शिक्षाविदों को सम्मान देने के लिए सोना देवी यूनिवर्सिटी (Sona Devi University) और स्काईवे करियर हब के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शनिवार, 25 जुलाई 2026 को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित द एल्कोर होटल (The Alcor Hotel) में ‘सोना देवी यूनिवर्सिटी एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड 2026’ धूमधाम से संपन्न हुआ। इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम में झारखंड में शिक्षा का अलख जगाने वाले 112 महान गुरुजनों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्जवलन और अक्षर इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई।


READ MORE :Jamshedpur News :सोना देवी विवि के कुलपति डॉ. पिंगुआ सम्मानित
6 विभूतियों को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
इस सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाली छह प्रमुख हस्तियों को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से नवाजा गया। इन सम्मानित शख्सियतों में डॉ. हरि बल्लभ सिंह आरसी, श्रीमती शोभा गनेरीवाल, डॉ. गीता नायर, श्रीमती आशु तिवारी, श्री संतोष सिंह और श्री कुंदन कुमार सिंह शामिल हैं।
इसके अलावा अन्य कई प्रतिष्ठित श्रेणियों में भी अवार्ड दिए गए, जिनमें:
विजिनरी प्रिंसिपल अवार्ड: 18
पायनियर इन एजुकेशन अवार्ड: 14
हॉल ऑफ फेम अवार्ड: 10
टीचर्स अवार्ड (स्टूडेंट मेंटर ऑफ द ईयर): 64
हर साल शिक्षकों को सम्मानित करेगी यूनिवर्सिटी: कुलाधिपति
सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति (Chancellor) प्रभाकर सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि झारखंड में सोना देवी यूनिवर्सिटी पहला ऐसा निजी विश्वविद्यालय है, जिसने शिक्षा का अलख जगा रहे गुरुजनों को इस स्तर पर सम्मानित करने की पहल की है। उन्होंने घोषणा की कि विश्वविद्यालय द्वारा इस पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन हर साल किया जाएगा और जल्द ही यह एक प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय समारोह बनेगा। कार्यक्रम में स्वागत भाषण कुलपति डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुआ ने दिया। सहायक कुलसचिव अर्चना सिंह और कुलसचिव डॉ. नित नयना ने उपस्थित अतिथियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, भविष्य की योजनाओं और महत्वकांक्षी प्रोग्राम ‘स्कूल ऑफ एआई एंड कंप्यूटिंग’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। स्काईवे करियर हब की ओर से ‘एसडीयूसैट (SDUSAT)’ स्कॉलरशिप की जानकारी वीडियो प्रेजेंटेशन के जरिए दी गई।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: 25 जुलाई को होगा ‘सोना देवी यूनिवर्सिटी एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड्स-2026’, झारखंड के शिक्षाविदों का होगा महा-सम्मान
ट्रस्टी और एनआईटी निदेशक भी हुए सम्मानित
समारोह में मुख्य रूप से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT Jamshedpur) के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सोना देवी मेमोरियल एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट की ट्रस्टी डॉ. निर्मला शुक्ला, शासी निकाय के सदस्य डॉ. शहनवाज आलम, प्रभात शर्मा, सलाहकार समिति के सदस्य रबिन्द्र नाथ चौबे, राजेश कुमार शुक्ला और दैनिक उदितवाणी के संपादक उदित अग्रवाल को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शानदार समापन स्काईवे करियर हब द्वारा आयोजित फैशन शो और अंत में राष्ट्रगान के साथ हुआ।



