सरायकेला :
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार, सरायकेला में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में Joba Majhi उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद जोबा मांझी, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा निवेदिता राय तथा सेविकाओं द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।कार्यक्रम में जिले के सभी सीडीपीओ, महिला प्रवेक्षिका, सेविकाएं और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर
स्वागत भाषण देते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समान भागीदारी के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, पोषण, सुरक्षा और बाल विवाह उन्मूलन से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया।
समाज निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका
उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि यह दिवस महिलाओं के योगदान को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज घर के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण, समाज विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और राजनीति जैसे विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं के अधिकार और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा।
बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता जरूरी
अपने संबोधन में सांसद जोबा मांझी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्तिकरण आवश्यक है। उन्होंने बाल विवाह की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि जागरूकता के अभाव में कम उम्र में बालिकाओं का विवाह कर दिया जाता है, जिससे वे शिक्षा और अपने अधिकारों से वंचित रह जाती हैं।
उन्होंने कहा कि कम उम्र में विवाह होने से मातृ और शिशु स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा।
बाल विवाह मुक्त समाज की दिलाई शपथ
इस अवसर पर सांसद जोबा मांझी ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सेविकाओं और सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।




