
सरायकेला-खरसावाँ: झारखंड में आगामी चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। एक शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची (Voter List) तैयार करने के उद्देश्य से मंगलवार (11 अगस्त 2026) को सरायकेला-खरसावाँ के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह (DC Nitish Kumar Singh) की अध्यक्षता में NIC सभागार में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। उपायुक्त ने भारत निर्वाचन आयोग के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026’ कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों और आम जनता से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर अपने नाम और विवरण की जांच कर लें, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।


सरायकेला-खरसावाँ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर DC नितिश कुमार सिंह ने ली राजनीतिक दलों की अहम बैठक।
5 अगस्त को जारी हो चुकी है प्रारूप मतदाता सूची, 4 सितंबर 2026 तक नागरिक कर सकते हैं दावा और आपत्ति दाखिल।
जिले में 1.24 लाख मतदाता प्रपत्र एकीकृत नहीं हो सके (मृत्यु, शिफ्टेड और अनुपस्थित के कारण), 2.34 लाख नोटिस मामले दर्ज।
15 अगस्त को ग्राम पंचायत और मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप, 22-23 अगस्त को भी होगा द्वितीय विशेष कैंप का आयोजन।
1.24 लाख फॉर्म नहीं हो सके एकीकृत, जानें क्या है वजह
बैठक में मतदाता सूची के आंकड़ों को लेकर चौंकाने वाली जानकारी साझा की गई। बताया गया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चले गणना चरण में जिले के कुल 8,92,189 मतदाताओं में से 7,66,713 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा किया था। हालांकि, 1,24,576 प्रपत्रों को एकीकृत नहीं किया जा सका है। इसके मुख्य कारण निम्नलिखित हैं:
मृत्यु (D-Death): 26,242 मामले
स्थानांतरित (S-Shifted): 39,431 मामले
अनुपस्थित (A-Absent): 45,417 मामले
डुप्लीकेट (D-Duplicate): 9,088 मामले
विदेशी/अन्य: 4,398 मामले
इसके अलावा, जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों (इचागढ़- 62,129, सरायकेला- 1,12,156 और खरसावां- 60,147) में कुल 2,34,432 नोटिस मामले दर्ज किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: Seraikela Kharsawan News : ‘लापरवाह एजेंसियों पर होगी कार्रवाई’, जनता दरबार में फरियादियों की समस्याएं सुन एक्शन में आए DC नितिश कुमार सिंह
नोट कर लें ये जरूरी तारीखें, लगेंगे विशेष कैंप
उपायुक्त ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 05 अगस्त 2026 को हो चुका है। यदि किसी मतदाता का नाम छूट गया है या विवरण में कोई गलती है, तो वे प्रपत्र-6, 6A, 7 एवं 8 के माध्यम से 04 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति दाखिल कर सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। आम नागरिकों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं:
15 अगस्त 2026: सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभी ग्राम पंचायत भवनों और शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर विशेष कार्यक्रम।
22 और 23 अगस्त 2026: द्वितीय विशेष मतदाता कैंप।
25 अगस्त से 04 सितंबर 2026: डोर-टू-डोर (Home to Roll Verification) कार्यक्रम।
DC की अपील- ‘कोई योग्य न छूटे, कोई अयोग्य न जुड़े’
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि एक पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची के निर्माण में बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने BLA-2 को सक्रिय करने का अनुरोध किया। DC ने कड़ा संदेश देते हुए कहा, “कोई भी योग्य मतदाता सूची में जुड़ने से न छूटे और कोई भी अयोग्य नाम सूची में न रहे, यह हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
बैठक में अपर उपायुक्त (खरसावां) जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (सरायकेला) अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह और विभिन्न दलों के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:Indian Railways: श्रावणी मेला में यात्रियों को बड़ी सौगात! टाटानगर-गोड्डा एक्सप्रेस का चंद्रपुरा और कतरासगढ़ में होगा ठहराव


