
जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम (Mango Nagar Nigam) की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि मानगो नगर निगम नियम-कानून के हिसाब से नहीं चल रहा है। यहां हो रही मनमानी के खिलाफ आगामी 27 जुलाई को मानगो नगर निगम कार्यालय (गांधी मैदान) के समक्ष एक विशाल धरने का आयोजन किया जा रहा है।


बिष्टुपुर स्थित अपने आवास पर धरना कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सरयू राय ने कहा कि यह धरना नगर निगम को चलाने वालों के लिए एक खुली चेतावनी है कि वे अपनी मनमानी से बाज आएं।
जूनियर के अधीन काम कर रहे हैं सीनियर अफसर
नगर निगम की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए श्री राय ने कहा कि पूर्व मंत्री के इशारे पर एक सीनियर अधिकारी को अपर नगर आयुक्त के पद पर बिठा दिया गया है, जो पहले से काम कर रहे अपर नगर आयुक्त के जूनियर हैं।
“यह उनकी नीयत को दर्शाता है। एक सीनियर अफसर भला जूनियर के नीचे कैसे काम कर सकता है? इससे साफ पता चलता है कि ये लोग नगर निगम को अपने तरीके से हांकना चाहते हैं और सारे अफसरों व ठेकेदारों को अपनी मुट्ठी में रखना चाहते हैं।” — सरयू राय
10 साल पहले बने नालों की सफाई 20 साल से कैसे पेंडिंग थी?
सरयू राय ने मेयर के दावों की पोल खोलते हुए कहा कि 10 साल पहले डिमना रोड चौड़ीकरण के दौरान, उनके कहने पर टाटा स्टील ने सड़क के दोनों तरफ नाले बनाए थे। अब मेयर दावा कर रहे हैं कि इन नालों की सफाई 20 सालों से नहीं हुई थी और उन्होंने इसे साफ करवाया है। श्री राय ने तंज कसते हुए कहा, “जो नाले महज 10 साल पहले बने हैं, उनकी सफाई 20 साल पहले कैसे हो सकती है? सोशल मीडिया पर लोग इस दावे की हंसी उड़ा रहे हैं। असलियत यह है कि नालों की सफाई महज 10 प्रतिशत हुई है, जबकि जनता के काम के नाम पर पैसे पूरे 100 प्रतिशत निकाल लिए गए हैं।”
नगर निगम के कार्य दो भागों में बंटें
विधायक ने सुझाव दिया कि नगर निगम के कार्यों को दो स्पष्ट श्रेणियों में बांटा जाना चाहिए:
जनसुविधा (Public Amenities)
विकास (Development)
उन्होंने बताया कि इस विषय पर उन्होंने नगर विकास मंत्री से भी बात की है। सरयू राय ने चेतावनी दी कि यदि कोई भी गलत काम या गोलमाल हुआ, तो वे विधानसभा में विशेषाधिकार हनन (Privilege Motion) का प्रस्ताव लाएंगे।
READ MORE :Jamshedpur News :आदिवासी पाक कला को बढ़ावा: टाटा स्टील और IHCL ने 20 होम कुक्स को दिया प्रशिक्षण
27 जुलाई का धरना: मुख्य मुद्दे और लंबित योजनाएं
27 जुलाई को गांधी मैदान में सुबह 10 बजे से होने वाले इस धरने में हजारों लोगों के जुटने की उम्मीद है। बारिश के मद्देनजर वाटरप्रूफ पंडाल लगाया जा रहा है। जनता दल (यूनाइटेड) और जन सुविधा समिति के नेतृत्व में यह प्रदर्शन मुख्य रूप से इन लंबित योजनाओं और जनसमस्याओं को लेकर है:
लंबित शिलान्यास: 29 दिसंबर 2025 को 12 करोड़ 13 लाख रुपये की 38 योजनाओं का शिलान्यास किया गया था, जो महीनों बाद भी धरातल पर नहीं उतरी हैं।
बाढ़ सुरक्षा योजनाएं: उलीडीह, टैंक रोड, देशबंधु लाइन, रामकृष्ण कॉलोनी और कुक्कुट डुंगरी में बाढ़ सुरक्षा के लिए 4.4 लाख रुपये की स्वीकृत दो योजनाएं अब तक लंबित हैं।
नाली व सड़क निर्माण: पायल सिनेमा से पारडीह चौक तथा मानगो चौक से पारडीह चौक तक 6 करोड़ 73 लाख रुपये की कनेक्टिंग रोड, नाली और स्लैब निर्माण योजनाएं स्वीकृति के बावजूद अधर में हैं।
बुनियादी समस्याएं: बदहाल जल निकासी, गंभीर पेयजल संकट और खस्ताहाल सड़कें।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति: धरने की तैयारी बैठक में सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, अजय कुमार, पप्पू सिंह, अमृता मिश्रा, कुलविंदर सिंह पन्नू, संजय ठाकुर, मुश्ताक अहमद, आफताब अहमद सिद्दिकी, समेत दर्जनों कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे, जो लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।


