
रांची।

झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को हाईटेक और आम जनता के लिए सुलभ बनाने के उद्देश्य से कई बड़े और ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में हेमन्त सोरेन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने कई नई योजनाओं का खाका भी तैयार करने को कहा है।
ओला-उबर की तर्ज पर एम्बुलेंस और AI कंट्रोल रूम
मुख्यमंत्री ने राज्य में एम्बुलेंस सेवाओं की वर्तमान स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए ‘ओला और उबर’ (Ola-Uber) की तर्ज पर एम्बुलेंस सेवा शुरू करने का प्लान जल्द से जल्द तैयार किया जाए। इसके अलावा, एम्बुलेंस की मॉनिटरिंग के लिए एक आधुनिक ‘AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित कंट्रोल रूम’ भी स्थापित किया जाएगा। एम्बुलेंस सेवाओं में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
खुलेंगे ‘अबुआ दवाखाने’, बनेगा सभी का हेल्थ प्रोफाइल
झारखण्ड के हर नागरिक और बच्चों का अब ‘हेल्थ प्रोफाइल’ तैयार किया जाएगा ताकि उनकी बीमारियों का सटीक और सही समय पर इलाज हो सके। इसके साथ ही राज्य सरकार जल्द ही ‘अबुआ दवाखाना’ शुरू करने जा रही है। यह एक एकीकृत औषधि केंद्र होगा, जहां एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी दवाइयां ग्रामीण जनता को एक ही स्थान पर बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी।
ANM और GNM की होगी तुरंत बहाली
अस्पतालों में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की कमी को दूर करने के लिए हेमन्त सोरेन ने ANM, GNM और विशेषज्ञ डॉक्टरों की रुकी हुई बहाली प्रक्रिया में तुरंत तेजी लाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि मानव संसाधन की कमी के कारण किसी भी मरीज का इलाज प्रभावित नहीं होना चाहिए। इसके अलावा, राज्य के मेडिकल कॉलेजों में UG और PG की सीटें बढ़ाने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS : राष्ट्रपति से सम्मानित रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार का दिल्ली में हुआ सम्मान, हीटवेव से बचाव अभियान का किया शुभारंभ
सदर अस्पताल बनेंगे ‘एयर कूल’, अंगदान को बढ़ावा
अस्पतालों के बुनियादी ढांचे को सुधारने के लिए राज्य के सभी सदर अस्पतालों को ‘एयर कूल’ (Air Cool) बनाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है। केरल राज्य की तर्ज पर झारखण्ड में भी ऑर्गन डोनेशन (अंगदान) को लेकर बड़ा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से जामताड़ा और गिरिडीह (डुमरी) के अस्पतालों का सीधा जायजा लिया और वहां की ओपीडी व प्रसव सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही पूरे राज्य में ABHA कार्ड बनाने के लिए स्कूल और कॉलेजों में विशेष कैंप लगाने का भी निर्देश दिया गया है।



