
रांची-।
मुख्य सचिव श्रीमती राजबाला वर्मा ने कहा कि ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के दौरान विभिन्न कम्पनियों के साथ लगभग तीन लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर एमओयू किया जाएगा। कई कम्पनियों ने निवेश में रूचि दिखाई है और जीआईएस के दौरान एमओयू करना सुनिश्चित किया है। वे आज खेलगांव स्थित ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट कार्यक्रम के स्थल की तैयारियों का जायजा ले रहीं थीं।
श्रीमती वर्मा ने कहा कि सरकार की कोशिश होगी कि ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में ज्यादा से ज्यादा कंपनियों से सरकार एमओयू कराए। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक निवेशकों को झारखण्ड लाया जा सके, जो भी निवेशक या डेलिगेट्स जीआईएस में भाग लेने आएंगे उनकी सुविधा के लिए उनके साथ लॉयजनिंग ऑफिसर रहेंगे, जो उन्हें झारखण्ड के बारे में बताएंगे।
श्रीमती वर्मा ने तैयारियों का जायजा लेने के बाद कहा कि तैयारी अंतिम चरण में है और वह पूरी तैयारी से संतुष्ट हैं। जो कुछ कमी है उसके लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं, पूरी टीम युद्धस्तर पर काम कर रही है। जीआईएस के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इस अवसर पर विशेष सचिव कृषि सह विशेष कार्य पदाधिकारी खान एवं भूतत्व विभाग, श्रीमती पूजा सिंघल, निदेशक सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, श्री राजीव लोचन बक्सी सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

